बॉलीवुड के जिमी शेरगिल को रील लाइफ में चुनौतीपूर्ण किरदारों का चस्का |
अभिनेता जिमी शेरगिल का कहना है कि वह पर्दे पर चुनौतीपूर्ण तथा मुश्किल किरदार निभाने के लिए उत्सुक रहते हैं. उनकी फिल्म 'साहेब बीबी और गैंगस्टर 3' जल्द रिलीज होने वाली है. जिमी ने एक इंटरव्यू में बताया कि, 'मैं हमेशा ही ऐसे किरदार निभाना चाहता हूं जिनके कई पहलू हों और उन्हें निभाना कठिन हो. इसलिए जब मेरे पास कोई मुख्य भूमिका लेकर भी आता है तो मैं उस फिल्म में अपेक्षाकृत छोटा किरदार लेता हूं और यह पहले हो चुका है. मैं उस किरदार को और रोचक बनाने के लिए योगदान कर सकता हूं'.
जिमी को 'मोहब्बतें', 'मुन्ना भाई एमबीबीएस', 'बस एक पल', 'मुक्काबाज', 'तनु वेड्स मनु' और 'स्पेशल 26' में अभिनय के लिए जाना जाता है. जिमी ने साल 1996 में फिल्म 'माचिस' से बॉलीवुड में कदम रखा था. उसके बाद जिमी नें गुलजार, तिग्मांशु धूलिया, आदित्य चोपड़ा और राजकुमार हिरानी जैसे कई फिल्म निर्माताओं के साथ काम किया.
बॉलीवुड में काम सीखने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैंने आनंद एल. राय से सीखा कि अपने 'कम्फर्ट जोन' से बाहर कैसे निकलें. आम तौर पर मैं बहुत सामान्य से अभिनय करता हूं लेकिन 'तनु वेड्स मनु' में उन्होंने कुछ दृश्यों में मुझे उग्र होने के लिए कहा. मुझे लगता है कि इससे मुझमें चीजों को अलग तरीकों से करने का विश्वास आया. वहीं गुलजार ने उन्हें काम जारी रखना सिखाया.
जिमी ने कहा, 'कभी किसी फिल्म की सफलता या असफलता को अपनी किस्मत मत बनाओ. हर फिल्म की अपनी किस्मत होती है और बतौर कलाकार मेरा काम है फिल्म के परिणाम के बारे में सोचे बिना अपना सर्वश्रेष्ठ देना. क्योंकि अगर फिल्म चलती है, मैं जश्न मनाऊंगा और अगले दिन काम पर जाऊंगा. अगर फिल्म असफल होती है तो भी मुझे अपना सफर जारी रखने के लिए काम करना होगा. इसलिए किसी और काम की अपेक्षा काम करते रहना ज्यादा महत्वपूर्ण है'.
जिमी की मानें तो फिल्म निर्देशक तिग्मांशु धुलिया की कई बातों ने भी उनके करियर को नए आयाम दिए हैं. एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होने कहा, 'तिग्मांशु ने शूटिंग के दौरान एक दिन युवा कलाकार से कहा, 'इन पंक्तियों, संवाद को लिखने में हमने कठिन मेहनत की है. इन्हें सिर्फ बोलो मत, इन्हें बोलने से पहले उन्हें समझो, अपनाओ.' यह मेरे दिमाग में बस गया और इसके बाद जब भी मैं अपने संवाद पढ़ता था, तो मैं कोशिश करता था कि वे मेरे शब्द हैं और यह ना लगे कि यह संवाद किसी और ने लिखे हैं'.
बता दें कि जिमी का वास्तविक नाम जसजीत सिंह गिल है. लेकिन बी-टाउन उन्हें जिमी के नाम बुलाया जाता है. उन्होंने अपने नाम से जुड़ी कहानी बताते हुए कहा, 'वास्तव में जिमी मेरा उपनाम है. मेरी पहली फिल्म की शूटिंग के समय, लोग मुझे जिमी कहकर बुलाते थे तो पत्रकारों ने भी मेरा नाम जिमी लिखना शुरू कर दिया'. बता दें कि जिमी शेरगिल की अगली फिल्म 'साहेब बीवी और गैंगस्टर 3' 27 जुलाई को रिलीज हो रही है. जिसमें वह संजय दत्तके साथ नजर आएंगे.

Comments