7 महीने के बेटे और गर्लफ्रेंड के साथ करजत में फंसे अर्जुन रामपाल, शूट बंद होने के बाद रुकना पड़ा भारी
बॉलीवुड डेस्क (अमित कर्ण). कोरोनावायरस के चलते देश में 21 देश का लॉकडाउन घोषित है। ऐसे में अभिनेता अर्जुन रामपाल गर्लफ्रेंड गेब्रिएला डेमेट्रिड्स और 7 महीने के बेटे के साथ मुंबई से करीब 80 किलोमीटर दूर करजत में फंसे हुए हैं। वे वहां 2 फरवरी से अपनी फिल्म 'भीमा कोरेगांव' की शूटिंग कर रहे थे। उनकी गर्लफ्रेंड और बेटा भी उनके साथ वहां गए थे। मंगलवार रात 8 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में 21 दिन के लॉकडाउन का ऐलान किया, जो रात 12 बजे से ही लागू हो गया। अर्जुन और उनके परिवार के पास करजत से मुंबई पहुंचने के लिए चार घंटे का समय था। लेकिन वे वहां से नहीं निकल पाए।
9 दिन के शूट के चक्कर में फंस गए अर्जुन
अर्जुन के दोस्त राहुल मित्रा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में उनके करजत में फंसे होने की पुष्टि की। राहुल के मुताबिक, उनकी अर्जुन से हर दिन दो बार वीडियो कॉल पर बात हो रही है। उन्होंने बताया कि अर्जुन की 9 दिन की शूटिंग बची थी और वे इसे पूरी करके ही मुंबई लौटना चाहते थे।
बकौल राहुल, "इंडस्ट्री में 31 मार्च तक कम्प्लीट लॉकडाउन की घोषणा के बाद अर्जुन ने मुझे फोन किया था, क्योंकि हम गहरे दोस्त हैं। मैंने उसे वहां से लौटने की सलाह दी। लेकिन उसने 9 दिन की बची हुई शूटिंग पूरी कर लौटने की इच्छा जाहिर की, जो 31 मार्च के बाद के लिए प्रस्तावित थी।इसी बीच 24 मार्च को पीएम मोदी ने देश में 21 दिन का कम्प्लीट लॉकडाउन घोषित कर दिया। उनका यह अनाउंसमेंट रात 8 बजे हुआ। ऐसे में अर्जुन के पास करजत से मुंबई पहुंचने के लिए महज चार घंटे का समय ही था। लेकिन इस अवधि में लौट पाना संभव नहीं था। क्योंकि उसे करजत वाला घर भी मैनेज करना था।"
##सामान का स्टॉक भी आधा बचा
राहुल ने आगे कहा, "वह सपरिवार करजत में ही है। हैरान है। ऊपर से उसके सामान का स्टॉक भी आधा बचा है। क्योंकि लॉकडाउन से पहले उसके कुछ दोस्त वहां पहुंचे थे, जिनकी खातिरदारी में आधा सामान खर्च हो गया। अब जब वहां दो घंटे के लिए किराने की दुकानें खुलती हैं तो अर्जुन सामान लेने पहुंच जाता है। बहरहाल, वे सब लोग ठीक हैं। स्वस्थ हैं। सुरक्षित हैं। हर दिन हम आपस में दो बार कम्युनिकेशन कर लेते हैं।"
अर्जुन के साथ पांच लोग और फंसे
करजत के ही एक आदमी ने बताया कि शूटिंग 18 मार्च को रोक दी गई थी। उसके बाद अर्जुन और अन्य पांच लोगों को छोड़कर फिल्म की टीम वहां से निकल गई थी। लेकिन अर्जुन को लग रहा था कि लॉकडाउन 31 मार्च तक के लिए है। ऐसे में उन्होंने इसके हटते ही काम खत्म कर निकलने का फैसला लिया।
अर्जुन और उनका परिवार सुरक्षित है और परिस्थिति का हिम्मत के साथ मुकाबला कर रहे हैं। वे वहां फंसे बाकी पांच लोगों को भी कोरोनावायरस और लॉकडाउन से जुड़े जरूरी निर्देश दे रहे हैं। उन पांचों ने एक बंगला हायर किया है और सबने अपना-अपना काम बांट लिया है। सभी एक-दूसरे का पूरा खयाल रख रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3arHgm4
Comments