ठीक होने के बाद सिंगर पिंक ने किया खुलासा, दो हफ्ते पहले हुआ था संक्रमण; डोनेट किए 10 लाख डॉलर
अमेरिकन सिंगर पिंक ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए कोरोना संक्रमण का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि दो हफ्ते पहले अपने बेटे के साथ उन्होंने टेस्ट करवाया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल सिंगर ने दावा किया है कि वे वायरस से उबर चुकी हैं। उन्होंने पर्याप्त टेस्ट सुविधा नहीं होने पर सरकार पर भी सवाल उठाए हैं।
पिंक ने लिखा, दो हफ्ते पहले मेरे तीन साल के बेटे जेमसन के साथ मुझे भी कोविड 19 के लक्षण नजर आने लगे थे। उन्होंने लिखा कि, हमारी फिजिशियन की मदद से हमने टेस्ट कराया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मैं और मेरा परिवार हम तब से घर में ही है और डॉक्टर की सलाह मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब हमने दोबारा टेस्ट कराया तो हमारी रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
अमीर हो या गरीब कोई भी हो सकता है संक्रमित
सिंगर ने अपनी पोस्ट में सरकार के प्रयासों को नाकाम बताया है। उन्होंने लिखा, कोरोना की टेस्टिंग व्यापक तौर पर अभी भी कई लोगों की पहुंच में नहीं है। यह हमारी सरकार की नाकामी है। यह बीमारी बेहद गंभीर है। लोगों को यह समझना होगा कि संक्रमण किसी को भी हो सकता है। उन्होंने सरकार से कोरोना टेस्टिंग फ्री करने की अपील की है।
दिया 10 लाख डॉलर का डोनेशन
पिंक ने कोरोना से उबरने के बाद अस्पतालों की आर्थिक मदद करने का फैसला किया है। उन्होंने लिखा कि, मैं अपनी मां के सम्मान में पांच लाख डॉलर फिलाडेल्फिया के टेम्पल यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल एमरजेंसी फंड में डोनेट कर रही हूं। इसके अलावा उन्होंने लॉस एंजेलिस मेयर रिलीफ फंड में भी पांच लाख डॉलर की सहायता राशि दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dWs9TJ
Comments