नहीं रहे रामायण के 'सुग्रीव' श्याम सुंदर कालानी, इंडस्ट्री को लॉकडाउन के चलते 10 दिन बाद मिली खबर
रामानंद सागर की 'रामायण' (1987) में बाली और सुग्रीव का किरदार निभाने वाले श्याम सुंदर कालानी नहीं रहे। उनका निधन करीब दस दिन पहले हुआ। लेकिन लॉकडाउन के चलते इंडस्ट्री तक यह खबर अब पहुंच पाई है। एक न्यूज पेपर ने कालानी के भांजे कमल मदनानी के हवाले से लिखा है कि उन्होंने 29 मार्च (रविवार) को अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। कालानी, हरियाणा के पिंजोर की कालका हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहते थे।
'राम' और 'लक्ष्मण' ने जताया शोक
'रामायण' में राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल और लक्ष्मण की भूमिका करने वाले सुनील लहरी ने कालानी के निधन पर शोक जताया है। अरुण ने लिखा है, "रामानंद सागर की 'रामायण' में सुग्रीव का रोल करने वाले श्याम सुंदर के निधन की खबर सुन दुख हुआ। बहुत ही अच्छे इंसान थे। उनकी आत्मा को शांति मिले।"
सुनील लहरी ने कालानी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है, "हमारे साथ 'रामायण' में सुग्रीव और बाली का किरदार निभाने वाले हमारे कलीग श्याम कालानी के निधन के बारे में सुन बहुत दुख हुआ। भगवान उनकी आत्मा को शांति और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।"
##कालानी को लेकर गलत तथ्य वायरल
कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कालानी ने बी. आर. चोपड़ा की महाभारत में भीम का किरदार निभाया था। जबकि यह पूरी तरह गलत तथ्य है। 'महाभारत' में कुंती पुत्र गदाधारी भीम का किरदार प्रवीण कुमार सोबती ने निभाया था। 72 साल के प्रवीण इन दिनों राजनीति में एक्टिव हैं और भाजपा के सक्रिय नेता हैं। प्रवीण एथलीट भी रहे हैं, जिन्होंने एशियन गेम्स में दो गोल्ड समेत चार मैडल अपने नाम किए थे। वे दो बार ओलिम्पिक में भी जा चुके हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RnWp02
Comments