एकेडमी ने डोनेट किए 60 लाख डॉलर, प्रेसिडेंट डेविड ने कहा- मोशन पिक्चर कम्युनिटी की मदद करना हमारी जिम्मेदारी
ऑस्कर अवॉर्ड्स देने वाली संस्था एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने कोरोना के कारण काम गंवा चुके मोशन पिक्चर्स एम्पलॉयज की आर्थिक मदद करने का फैसला किया है। एकेडमी आर्थिक तंगियों से जूझ रहे कर्मचारियों और उनके परिवार को 60 लाख डॉलर डोनेट करेगी। लॉकडाउन के कारण कई बड़ी फिल्मों की रिलीज और प्रोडक्शन अटक जाने से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में लाखों कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं।
शुक्रवार को एकेडमी ने बताया कि तय रकम में से 40 लाख डॉलर द एक्टर्स फंड और द मोशन पिक्चर एंड टेलीविजन फंड के बीच बराबर बांटे जाएंगे। वहीं, 20 लाख डॉलर एकेडमी फाउंडेशन को दिए जाएंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक एकेडमी के प्रेसिडेंट डेविड रूबिन ने कहा कि, हम महामारी झेल रहे हैं। ऐसे में नुकसान उठा रहे मोशन पिक्चर वर्ग की मदद करना हमारी जिम्मेदारी है।
डेडलाइन के अनुसार एकेडमी के सीईओ डॉन हडसन ने कहा कि, फिलहाल संस्था का ध्यान मोशन पिक्चर समुदाय की मदद करने पर है। हमारे डोनेशन से एक्टर्स फंड और एमपीटीएफ एमरजेंसी सेवाएं जुटा पाएगा। इसके अलावा एकेडमी के ग्रांट फाउंडेशन को भी इस डोनेशन से जरूरतमंदों की मदद करने में आसानी होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aIYFH8
Comments