कंगना रनोट ने वीडियो शेयर कर रामनवमी की शुभकामनाएं दीं, बताया कि क्यों सबसे महान हैं श्रीराम
देशभर में चल रहे लॉकडाउन के बीच गुरुवार को रामनवमी का त्यौहार मनाया गया। इस मौके पर टीम कंगना रनोट ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें कंगना ने भगवान श्रीराम को लेकर अपने विचार बताए। वीडियो में उन्होंने बताया कि क्यों राम को इस धरती का सबसे महान पुरुष माना जाता है, साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि राम के जीवन से हमें क्या शिक्षा मिलती है। उन्होंने खुद के जीवन से जुड़ा एक किस्सा भी बताया।
इस वीडियो को शेयर करते हुए टीम कंगना रनोट ने लिखा, 'सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं। जय श्री राम। 'राम जी हमारी सभ्यता के सबसे महत्वपूर्ण प्रतीक हैं' इस पर कंगना रनोट कुछ दिलचस्प जानकारियां साझा कर रही हैं, इसे देखने से चूकना मत।'
राम सबसे महत्वपूर्ण क्यों हैं?
अपने वीडियो की शुरुआत में कंगना ने कहा, 'दोस्तों आज रामलला का जन्मदिन है। वो कृष्ण की तरह प्रोफाउंड नहीं है। वो शिव की तरह आदि-अनंत नहीं है। सर्वोपरि और सर्वव्यापी भी नहीं है। लेकिन इसके बाद भी वे सबसे महत्वपूर्ण क्यों है। ऐसा क्यों है कभी आपने इस बारे में सोचा है, मैंने सोचा है, और इस पर कुछ अध्ययन किया है। मैं ये नहीं कहती कि मुझे सब पता है, मगर जो मुझे समझ आया है, उसे आपके साथ शेयर करूंगी।'
राम की व्यवस्था त्याग पर आधारित
आगे कंगना ने कहा, 'राम हमारी सभ्यता के सबसे महान पुरुष माने जाते हैं। श्रीराम ने मानवों के लिए एक असामान्य व्यवस्था बनाई जो त्याग पर आधारित है। उनका बनाया पूरा सिस्टम सिर्फ त्याग के आसपास घूमता है। अपने जीवन से भी उन्होंने सिर्फ त्याग करना ही सिखाया।'
अपने जीवन का किस्सा सुनाया
इसके बाद कंगना ने अपने जीवन का वो किस्सा सुनाया जहां पर राम के जीवन से सीख लेकर उन्होंने अपनी परेशानी को दूर किया। उन्होंने कहा, 'जब मैं 19 साल की थीं, तब फिल्म 'वो लम्हे' की शूटिंग के दौरान मुझे सिगरेट की लत लग गई थी। मैं दिन में 10-12 सिगरेट पीने लगी थी, वो ना मिलती तो मैं बदहवास हो जाती थी। मुझे लगता था कि मैं उसकी गुलाम बन गई हूं।'
योग गुरु ने बताया त्याग से मिलेगा रास्ता
सिगरेट वाली समस्या जब कंगना ने अपने गुरु को बताई तो वे बोले 'आप किसी भी चीज से खुद को कंट्रोल करने की ताकत छीन सकते हो, बस आपको त्याग करना होगा।' इसके बाद कंगना ने अपने जीवन में बदलाव लाना शुरू किया। एक्ट्रेस के मुताबिक, 'आप त्याग करके अपने चरित्र को बना सकते हो, चाहे तो उपवास करो। मैंने धीरे-धीरे स्मोकिंग छोड़ दी, फिर धीरे-धीरे ऐसे दोस्त छोड़ दिए जो सिर्फ नुकसान पहुंचा रहे थे। ऐसी रिलेशनशिप से भी दूर हो गई जो मुझे ही दर्द दे रही थी। वक्त के साथ मैं उस स्टेज में पहुंच गई कि अब मुझे कोई रूल नहीं कर सकता।'
इस वजह से राम ने पत्नी को त्यागा
राम के जीवन का उल्लेख करते हुए कंगना ने कहा, 'आप उस चीज का त्याग नहीं कर सकते जो आपकी है नहीं। आप रामायण में ये चीज अच्छे से देख सकते हैं कि श्रीराम से जब भी जो भी कुछ मांगा गया, उन्होंने हंसते-हंसते त्याग दिया। लेकिन जब सीता को उनसे छीनकर ले जाया गया तो वे तमाम वेदनाएं और तकलीफें सहकर उन्हें वापस लेकर आए। और जब उन्हें इस बात का अहसास भी हुआ कि मैं अपनी पत्नी से इतना प्यार करता हूं कि वो कहीं ना कहीं मेरी सबसे बड़ी कमजोरी बन गई है, तो उन्होंने उसे भी सुरक्षित स्थान पर छोड़कर उनका त्याग कर दिया। बाद में उन्होंने सरयू नदी में समाधि ले ली थी।' कंगना ने बताया कि 'राम इसलिए भी महान हैं, क्योंकि एक महान योद्धा होने के बाद भी उन्होंने अहिंसा का संदेश दिया था।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2X0CxUA
Comments