मॉडर्न महाभारत बनाने को लेकर एकता पर भड़के मुकेश खन्ना, बोले- संस्कृति को मॉडर्न करोगी तो खत्म हो जाओगी
बी. आर. चोपड़ा के 'महाभारत' (1988) में भीष्म पितामह के किरदार से फेमस हुए मुकेश खन्ना ने एकता कपूर को फटकार लगाई है। उन्होंने उन पर महाभारत के कत्ल का आरोप लगाया है। एकता ने 2008 'कहानी हमारे महाभारत की' नाम से शो बनाया था और इसमें उन्होंने द्रौपदी के कंधे पर टैटू दिखाया था। इसे लेकर ही खन्ना ने एकता पर निशाना साधा है।
'संस्कृति को मॉडर्न करोगी तो खत्म हो जाओगी'
दरअसल, मुकेश खन्ना यंगर जनरेशन के लिए अपने पॉपुलर सुपर हीरो शो 'शक्तिमान' का नया संस्करण ला रहे हैं। लेकिन उनकी मानें तो यह एकता कपूर के महाभारत की तरह नहीं बनाया जाएगा। वे कहते हैं, "शक्तिमान का नया संक्स्करण एकता कपूर के महाभारत की तरह नहीं हो सकता, जिसमें उन्होंने द्रौपदी के कंधे पर टैटू बना दिया था। उन्होंने महाभारत मॉडर्न लोगों के लिए बनाया था। संस्कृति कभी मॉडर्न नहीं हो सकती पुत्री (एकता)। जिस दिन संस्कृति को मॉडर्न करोगी, खत्म हो जाओगी।"
'महाकाव्य के वध का अधिकार किसने दिया'
मुकेश आगे कहते हैं, "अगर सीरियल का नाम 'क्योंकि ग्रीक भी कभी हिंदुस्तानी थे' होता तो मैं एकता के महाभारत को स्वीकार कर लेता। किसने उन्हें एक महाकाव्य के वध का अधिकार दिया। उन्होंने देवव्रत की भीष्म प्रतिज्ञा का मतलब ही कुछ और निकाल दिया और सत्यवती की छवि वैम्प जैसी बना दी। उन्होंने व्यास मुनि (वेद व्यास) से ज्यादा चालाक बनने की कोशिश की, जिस पर मुझे आपत्ति है। मैं यह बताना चाहता हूं कि रामायण और महाभारत पौराणिक नहीं हैं, ये हमारे इतिहास हैं।"
सोनाक्षी सिन्हा को भी लपेटे में ले चुके खन्ना
हाल ही मुकेश खन्ना ने एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा को भी निशाने पर लिया था। दरअसल, वे रामायण (1987) और महाभारत (1988) के दूरदर्शन पर पुनः प्रसारण को लेकर अपनी राय रख रहे थे। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि रामायण और महाभारत की वापसी उनके लिए फायदेमंद होगी, जिन्होंने पहले इन्हें नहीं देखा है। यह सोनाक्षी सिन्हा जैसे लोगों की मदद करेगा, जिन्हें अपने पुराणों की जानकारी नहीं है। उन जैसे लोग यह भी नहीं जानते कि हनुमान किसके लिए संजीवनी लेकर आए थे।"
गौरतलब है कि सोनाक्षी पिछले साल 'कौन बनेगा करोड़पति' में पहुंची थीं और वे रामायण से जुड़े इस सवाल का जवाब नहीं दे सकी थीं। इसकी वजह से सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RkEEPf
Comments