'द बर्निंग ट्रेन' के रीमेक में नहीं दिखेंगे ऋतिक रोशन, उनकी टीम ने कहा- एक्टर के पास फिलहाल कोई ऑफर नहीं आया
कुछ दिनों पहले जैकी भगनानी और जूनो चोपड़ा ने घोषणा की थी कि वह 'द बर्निंग ट्रेन' का रीमेक बनाने जा रहे हैं। इसी फिल्म को लेकर शनिवार को दिन भर खबरें चलती रहीं कि ऋतिक रोशन इसमें लीड रोल प्ले करेंगे। जैकी भगनानी और जूनो चोपड़ा ने इसकी तैयारी भी पूरी कर ली है। यह भी कहा गया कि फिल्म पर इस साल के अंत तक काम शुरू हो जाएगा और लॉकडाउन खत्म होते ही मेकर्स ऋतिक से संपर्क करेंगे। लेकिन इस खबर को उनकी टीम ने गलत बताया।
जब इस खबर की सच्चाई जानने के लिए दैनिक भास्कर ने ऋतिक रोशन की टीम से संपर्क किया तो उनकी तरफ से इस पर कोई कंफर्मेशन नहीं आया। उनका कहना है कि ऋतिक के पास इस तरह की कोई फिल्म नहीं है। इस फिल्म के राइट्स जूनो चोपड़ा की फैमिली के पास हैं। जूनो की तरफ से भी फिलहाल इस खबर को लेकर कोई जवाब नहीं आया है।
जादू को रिक्रिएट करने के लिए रोमांचित हूं
फिल्म के रीमेक बनाने की घोषणा करते वक्त इस बारे में बताते हुए भगनानी ने कहा था, 'द बर्निंग ट्रेन एक ऐसी फिल्म है जिसे देखते हुए मैं बड़ा हुआ हूं और मुझे यकीन है कि हम में से बहुतों ने ऐसा किया है। यह बॉलीवुड की एक क्लासिक है और मैं अपने प्रिय मित्र जूनो के साथ काम करने और उस जादू को रिक्रिएट करने को लेकर रोमांचित हूं, जो रवि चोपड़ा सर ने सालों पहले किया था। फिल्म की आत्मा को जीवित रखने के लिए हम अपना सब कुछ देने को तैयार हैं।'
फिल्म में दिखाई गई थी जलती हुई ट्रेन की कहानी
'द बर्निंग ट्रेन' जैसा कि नाम से ही जाहिर है, फिल्म की कहानी 'सुपर एक्सप्रेस' नाम की एक ट्रेन के इर्द-गिर्द थी। जिसमें अपने पहले ही सफर के दौरान आग लग जाती है। ये एक एक्शन-थ्रिलर थी जिसे अपने समय से आगे की फिल्म माना जाता है। फिल्म का निर्देशन रवि चोपड़ा ने किया था जबकि बीआर फिल्म्स इसके निर्माता थे। इस फिल्म में धर्मेंद्र, हेमा मालिनी, विनोद खन्ना, परवीन बॉबी, जीतेंद्र, नीतू सिंह, विनोद मेहरा और डैनी जैसे कलाकार नजर आए थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2x6H8Ka
Comments