पारस छाबड़ा-माहिरा शर्मा ने जरूरतमंदों को खाने के पैकेट्स बांटे, वीडियो शेयर कर लिखा- ये दिखावे के लिए बिल्कुल नहीं है
देश में जारी लॉकडाउन के बीच बिगबॉस-13 के कंटेस्टेंट रह चुके पारस छाबड़ा और माहिरा शर्मा ने मंगलवार को जरूरतमंदों के बीच खाने के पैकेट बांटे। इस बारे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए इन दोनों ने बताया कि हमने ये काम WHO (विश्व स्वास्थ्य संगठन) की गाइडलाइन्स के मुताबिक मास्क और ग्लव्स पहनने के अलावा सोशल डिस्टेंसिंग को बनाकर रखते हुए किया।
वीडियो को शेयर करते हुए पारस छाबड़ा ने लिखा, 'तो आखिरकार हम दोनों ने जरूरतमंद लोगों के बीच आवश्यक खाद्य सामग्री के पैकेट्स का वितरण कर लिया। इस दौरान हमने WHO द्वारा जारी गाइड लाइन्स का पालन करते हुए मास्क भी पहने और सामाजिक दूरी का भी पालन किया।' इस मैसेज को उन्होंने माहिरा शर्मा को भी टैग किया।
माहिरा ने लिखा- ये दिखावा नहीं है
इस वीडियो को शेयर करते हुए माहिरा ने लिखा, 'हमें पता है कि आप में से अधिकांश लोग यही सोचते हैं कि यह दिखावा है और हम आपके नजरिये का सम्मान करते हैं। यहां तक कि हम भी मानते हैं कि दान ऐसी चीज होती है, जिसे हम अपने दिल से करते हैं और इसका किसी तरह का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। लेकिन ईमानदारी से कहूं तो इस मुश्किल समय में लोगों को उनके हिस्से का थोड़ा सा करने के लिए प्रेरित करने का वास्तविक प्रयास था। इसमें हम सब एकसाथ हैं। हमारा एक साझा उद्देश्य है। यही हम अभी कहना चाहते हैं। सकारात्मक रहें और सुरक्षित रहें। हम मिलजुलकर इससे बाहर निकल जाएंगे।'
माहिरा ने दिया ट्रोल्स को जवाब
पारस की पोस्ट पर कमेंट करते हुए जब कई यूजर्स ने इसे दिखावा बताया तो इन ट्रोल्स को जवाब देते हुए माहिरा ने लिखा, 'ये हमेशा दिखावा या प्रचार के बारे में नहीं है। ये केवल इसलिए है कि हम पब्लिक फिगर हैं, इसलिए हम जो कुछ भी करते हैं वो सार्वजनिक हो जाता है। साथ ही लोग भी हमसे ऐसे कामों की उम्मीद करते हैं और हमें आदर्श मानते हुए हमारा अनुसरण भी करते हैं। इसलिए हमारे दान को सार्वजनिक करके हम हर किसी को उनके हिस्से का थोड़ा सा करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।'
##Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3c3upGW
Comments