दिहाड़ी मजदूरों के बाद रोहित शेट्टी ने की फोटोग्राफर्स की मदद, सीधे बैंक अकाउंट में पैसे भेजे
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दिहाड़ी मजदूरों मजदूरों की मदद के बाद अब रोहित शेट्टी ने फोटोग्राफर्स के लिए सहायता का हाथ आगे बढ़ाया है। दरअसल, कोरोनावायरस महामारी से हुए लॉकडाउन के चलते फिल्म इंडस्ट्री के फोटोग्राफर्स खासकर पैपराजी बेरोजगार हो गए हैं और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट गहरा गया है। इस मुश्किल घड़ी में रोहित शेट्टी पैपराजी का सहारा बने। उन्होंने सीधे इन फोटोग्राफर्स के अकाउंट में फंड भेजा है, ताकि उनके परिवारों की मदद हो सके।
फोटोग्राफर्स ने शुक्रिया अदा किया
सीधे पैपराजी के अकाउंट्स में पैसे पहुंचने से उनके परिवार वालों को बड़ी राहत मिली है। इसके लिए फोटोग्राफर्स उनका शुक्रिया अदा कर रहे हैं। बॉलीवुड के फेमस फोटोग्राफर विरल भयानी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी लिखी है। वे लिखते हैं, रोहित शेट्टी को दिल से आभार, जिन्होंने पैपराजी फोटोग्राफर्स के परिवारों की मदद के लिए उनके बैंक अकाउंट्स में पैसे डाले। हम सभी रोहित शेट्टी और उनकी पूरी टीम को 'सूर्यवंशी' (शेट्टी के निर्देशन में बनी फिल्म) की अपार सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हैं।" बता दें कि विरल की फोटोग्राफर्स की बहुत बड़ी टीम है, जो डे-टू-डे इवेंट कवर करने के लिए फील्ड में रहती है।
दिहाड़ी मजदूरों के लिए दिए थे 51 लाख
इससे पहले मार्च में रोहित ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े दिहाड़ी मजदूरों की मदद की थी। उन्होंने वेस्टर्न इंडिया सिने कर्मचारी संघ (एफडब्ल्यूआईसीई) में 51 लाख रुपए का डोनेशन दिया था। यह फेडरेशन स्पॉटबॉय, जूनियर आर्टिस्ट्स और लाइटमैन समेत सभी तरह के ऐसे लोगों के लिए काम कर रहा है, जिनकी आजीविका कोरोनावायरस लॉकडाउन के चलते दैनिक मजदूरी रुक जाने के कारण प्रभावित हो रही है। इसके लिए फेडरेशन के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर कर रोहित शेट्टी का शुक्रिया अदा किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VrdwiM
Comments