'हमारी बहू सिल्क' फेम चाहत पांडे बोलीं- किराया न दे पाने के कारण मकान मालिक ने घर खाली करने को कहा था

सीरियल 'हमारी बहू सिल्क' के मेकर्स पिछले कुछ दिनों से कास्ट और क्रू मेंबर्स की सैलरी न देने के चलते विवादों में हैं। अब इस मामले में शो की लीड एक्ट्रेस रहीं चाहत पांडे ने बड़ा खुलासा है। उनका कहना है कि सैलरी न मिलने की वजह से वे इस कदर आर्थिक तंगी में चली गई थीं कि उनके पास किराया चुकाने के पैसे भी नहीं थे। उनके मकान मालिक ने उन्हें घर खाली करने के लिए कह दिया था।

'अपनी पूरी कमाई इस शो के दौरान खर्च कर दी थी'

चाहत ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, "मैंने अपने पिछले शोज से जो भी कमाई की थी, वह सब 'हमारी बहू सिल्क' के समय खर्च कर दी। फिर चाहे ट्रैवलिंग हो, खाना-पीना हो या फिर घर का किराया, इन सब में मेरी बचत खत्म हो गई। उस समय मैं प्रोड्यूसर्स से अपनी मेहनत की कमाई मांगती रही। लेकिन वे बस यही कहते कि चैनल ने उन्हें भुगतान नहीं किया है। चीजें मेरे हाथ से निकल चुकी थीं। क्योंकि मेरे पास पैसे नहीं थे और मुझे घर का किराया चुकाना था।"

चाहत ने आगे कहा, "मकान मालिक गलत नहीं था। आखिर उसे भी तो पैसों की जरूरत थी। कोई अपने पैसे के लिए और कितना इंतजार करता? आखिरकार एक दिन उसने कह दिया कि पैसे दो या फिर घर खाली करो। मेरे पास विकल्प नहीं था। मैं शो के एक प्रोड्यूसर के ऑफिस गई और रोने लगी। मैंने उनसे निवेदन किया कि मेरा पैसा दे दें। लेकिन उन्होंने मेरी रिक्वेस्ट पर ध्यान नहीं दिया और बोले कि उनके पास पैसा नहीं है।"

चाहत की मानें तो शो बंद होने के आठ महीने बाद चीजें और बिगड़ गईं। हालांकि, उन्होंने अपने बयान में यह भी जोड़ा कि इंडस्ट्री में अच्छे लोग भी हैं। क्योंकि उन्हें 'तेनाली रामा', 'अलादीन' और 'राधा कृष्ण' जैसे शोज के लिए पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ी।

आत्महत्या की कोशिश वाली खबर का खंडन किया
हाल ही में शो के लीड एक्टर जान खान ने दावा किया था आर्थिक तंगी के कारण चाहत ने आत्महत्या की कोशिश की थी। एक्ट्रेस ने इस दावे का खंडन किया। उनके मुताबिक, जान को उनकी मां के शब्दों की वजह से कन्फ्यूजन हो गया होगा।

वे कहती हैं, "एक दिन हम ग्रुप कॉल पर पेमेंट वाला मुद्दा ही डिस्कस कर रहे थे। उस दिन मेरी मां बहुत गुस्से में थी। उन्होंने कहा-'अगर मेरी बेटी ने कुछ उल्टा-सीधा कर लिया तो कौन जिम्मेदार होगा।' मुझे लगता है कि इसकी वजह से कन्फ्यूजन हो गया। लेकिन अब पानी सिर के ऊपर जा चुका है। सब की हालत खराब है। मैं नहीं चाहती कि कोई भी ऐसा कदम उठाए।"

पिछले साल जून में लॉन्च हुआ था शो
पिछले साल जून में 'हमारी बहू सिल्क' लॉन्च किया गया था और नवम्बर में इसका प्रसारण बंद कर दिया गया। एक बातचीत में शो के अभिनेता जान खान ने कहा था कि इससे जुड़े कलाकारों और क्रू मेंबर्स को एक साल से भुगतान नहीं किया गया है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन ने एक बुजुर्ग टेक्नीशियन का वीडियो साझा कर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (सिंटा) से शो से जुड़े लोगों को उनका भुगतान दिलाने में मदद करने की अपील की थी। इसके बाद सिंटा और कलाकारों का एक अन्य संगठन फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलॉईज ने संबंधित प्रोड्यूसर्स से बात करनी शुरू कर दी है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Hamari Bahu Silk Fame Chahat Pandey Says Her Landlord Asked Her To Vacate Home For Not Paying Rent


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XjY8Wm

Comments

Popular posts from this blog

ऐश्वर्या राय के इस गाने पर नुसरत फतह अली खान के फैन हुए नाराज......