क्राइम पेट्रोल की एक्ट्रेस का सुसाइड नोट वायरल, लिखा- एक साल तक कोशिश की, अब मैं थक गई हूं
'क्राइम पेट्रोल', 'लाल इश्क' और 'मेरी दुर्गा' जैसे शोज की एक्ट्रेस प्रेक्षा मेहता ने सोमवार देर रात अपने गृह नगर इंदौर में आत्महत्या की। अब उनके सुसाइड नोट का एक अंश मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने बताया है कि टूटे हुए सपनों ने उनका कॉन्फिडेंस तोड़ दिया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुसाइड नोट का यह अंश इंदौर के हीरा नगर थाने के पुलिस इंस्पेक्टर राजीव भदौरिया ने साझा किया है।
'मैं मरे हुए सपनों के साथ नहीं जी सकती'
नोट में 25 साल की प्रेक्षा ने लिखा, "मेरे टूटे हुए सपनों ने मेरे कॉन्फिडेंस का दम तोड़ दिया है। मैं मरे हुए सपनों के साथ नहीं जी सकती। इस नेगेटिविटी के साथ रहना मुश्किल है। पिछले एक साल से मैंने बहुत कोशिश की। अब मैं थक गई हूं।" नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है।
कजिन ने साझा की एक रात पहले की कहानी
प्रेक्षा के कजिन ने एक बातचीत में घटना से एक रात पहले की कहानी साझा की। उन्होंने कहा प्रेक्षा बचपन से ही वाइब्रेंट लड़की थी। लेकिन हाल ही में शांत रहने लगी थी। कजिन ने बताया, "बीती रात परिवार ताश खेल रहा था। लेकिन प्रेक्षा अकेली शांत सीढ़ियों पर बैठी हुई थी। मेरी चाची (प्रेक्षा की मां) ने पूछा कि वह ठीक तो है? तो उसने कहा कि हां, वह ठीक है।"
रात 10 बजे अपने कमरे में गई थीं प्रेक्षा
कजिन ने आगे कहा, "करीब 10 बजे के आसपास प्रेक्षा छत पर मौजूद अपने कमरे में चली गई और इंस्टाग्राम पर मैसेज (सबसे बुरा होता है सपनों का मर जाना) पोस्ट कर दिया। अगली सुबह जब चाची योग करने के लिए उसे जगाने गईं तो उसका कमरा अंदर से बंद था। अन्य लोगों की मदद से दरवाजा खोला तो प्रेक्षा को सीलिंग फेन से लटका हुआ पाया।"
एंटरटेनमेंट वर्ल्ड में जाने वाली परिवार की पहली सदस्य
रिपोर्ट्स की मानें तो प्रेक्षा अपने परिवार की पहली मेंबर थीं, जो एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में करियर बनाने निकली थीं। उनके कजिन कहते हैं, "वह बहुत मेहनती थी और अपना सपना उसने खुद चुना था। इसलिए उसकी खुद से ही उम्मीदें बहुत ऊंची थीं।" बताया जा रहा है कि प्रेक्षा लॉकडाउन लगने के कारण मुंबई से इंदौर लौटी थीं और पिछले एक साल से काम न मिलने की वजह से डिप्रेशन में थीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ccznBf
Comments