फिट रहने के लिए जम्पिंग और दौड़ने जैसी एक्सरसाइज करती हैं देबिना, बोलीं- फिटनेस मेरी लाइफस्टाइल है
मुंबई (किरण जैन). 'रामायण' और 'चिड़ियाघर' फेम टीवी एक्ट्रेस देबिना बनर्जी के लिए फिटनेस एक लाइफस्टाइल है और इस लाइफस्टाइल को मेंटेन करने के लिए वे काफी मेहनत करती हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में देबिना ने कहा, "फिटनेस एक लाइफस्टाइल है। यह मेरा लक्ष्य नहीं है, बल्कि मेरी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है।" उनसे हुई बातचीत के कुछ अंश:-
सवाल: आपका फिटनेस मंत्र क्या है?
जवाब: रोज किसी भी तरह की कसरत करनी चाहिए। जम्पिंग, दौड़ना, वजन उठाना, इनका मिक्सचर मेरे वर्कआउट में शामिल है। मैं शुद्ध और हेल्दी भोजन भी लेती हूं।
सवाल : आप अपने दिमाग और शरीर के बीच बैलेंस कैसे बनाती हैं?
जवाब: हम जिस नजर से चीजों को देखते और महसूस करते हैं, उसका हमारे दिमाग पर बड़ा असर होता है। मैंने देखा है कि जब मैं शुद्ध आहार नहीं लेती तो मेरे वजन में उतार-चढ़ाव होता है। मुझे अच्छा नहीं लगता। अगर आप केवल स्वाद के लिए ऐसी चीजें खाते हैं, जो आपके शरीर के लिए हेल्दी न हों तो आपका पेट ऐसे हार्मोन छोड़ने लगता है, जो आपको डिप्रेशन में ले जाते हैं और आपको खुद के बारे में अच्छा महसूस नहीं होता है। शुद्ध भोजन करने से दिमाग और शरीर का बैलेंस सही बना रहता है।
सवाल: आपने कहा कि यदि हम अच्छे नहीं दिखते हैं तो अच्छा महसूस भी नहीं करते हैं। क्या इसका इंडस्ट्री से कुछ लेना-देना है?
जवाब: वास्तव में ऐसा नहीं है। अपने प्रोफेशन के कारण अच्छा दिखने के लिए मैं हमेशा शुद्ध भोजन करती हूं। लेकिन अभी चूंकि हम घर में हैं और हमारा जीवन अचानक बदल गया है तो खुद को एंगेज रखने के लिए मैं स्वादिष्ट भोजन करने लगी हूं, जो हमेशा से खाना चाहती थी। इसलिए, हम हर दिन एक नई डिश बनाते हैं, लेकिन इसका मेरे शरीर पर असर पड़ रहा है। मुझे अच्छा नहीं लग रहा था और मेरी सोच बदलने लगी थी। इस लॉकडाउन से पता चला कि ऐसे समय में और शूटिंग नहीं होने के बावजूद मुझे ‘शुद्ध खाने और स्वस्थ रहने’ का मंत्र नहीं भूलना चाहिए।
सवाल : आपका वर्कआउट बडी कौन है?
जवाब : गुरमीत (चौधरी, देबिना के पति) मेरा वर्कआउट बडी है। पहले हम साथ में कसरत नहीं करते थे। क्योंकि हमारा अप्रोच अलग है। लेकिन अभी घर पर रहने के कारण हम साथ में कसरत करते हैं और इंटरनेट पर वीडियो देखकर भी कुछ कसरत सीखते हैं।
सवाल: कोई ऐसी चीज, जिसे खाने से आप खुद को नहीं रोक पाती हैं?
जवाब: ऐसी बहुत सी चीजें नहीं हैं। लेकिन चूंकि अभी हम घर पर हैं, तो मैंने वह सब कुछ बनाया, जो मैं खाना चाहती थी, जैसे पूरी भाजी, पानी पूरी, आदि। मैं खुद को आम खाने से भी नहीं रोक पाती।
सवाल: फैंस के लिए कोई मैसेज?
जवाब: कुछ समय के लिए फिटनेस के तरीकों का पालन करें। भले ही आपको वह पसंद न हो। क्योंकि कुछ समय बाद आपका शरीर ही आपसे इसकी मांग करेगा। इसके अलावा, घर पर रहें और सुरक्षित रहें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2xJzkyq
Comments