किरण कुमार ने सुनाई आपबीती, बोले- मैं डिस्पोजेबल बर्तनों में खाना खाता हूं, अपने कमरे की सफाई खुद करता हूं
कुछ दिनों पहले अभिनेता किरण कुमार कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए थे। हालांकि, उनका ताजा टेस्ट नेगेटिव आया है। अभिनेता ने अब यह बताया है कि एक ही घर में रहते हुए वे कोरोनावायरस से कैसे निपटे। उनके मुताबिक, वे डिस्पोजेबल बर्तनों में खाना खाते हैं और अपने कमरे से जुड़ा काम खुद ही करते हैं।
किरण के मुताबिक, वे आइसोलेशन में सेपरेट फ्लोर पर रह रहे हैं। वे कहते हैं, "मैंने पत्नी से डिस्पोजेबल बर्तन खरीदने के लिए कहा, जिनमें मैं खाना खाता हूं। मेरा खाना बनाकर सीढ़ियों पर रख दिया है। बिना किसी को कॉन्टेक्ट किए मैं इसे उठाता हूं, खाता हूं और प्लेट्स को डिस्पोज कर देता हूं। मैं अपना बिस्तर भी खुद बना रहा हूं और कमरे की सफाई भी कर रहा हूं।"
'कोरोनावायरस को डेथ वारंट न समझें'
दैनिक भास्कर से बातचीत में किरण ने कहा, "मैं कोरोनावायरस से डरता नहीं हूं। इसलिए किसी भी तरह की घबराहट नहीं हुई। अब यह मानकर चलना होगा कि हमें इस वायरस के साथ जीना है। यह एक आम फ्लू जैसा है। इससे घबराने की जरूरत नहीं है। इसे डेथ वारंट न समझें। बस आप अपने सेहत का सही तरीके से ध्यान रखें। सावधानी बरतें और इसके साथ जीने की आदत डाल लें।"
'नहीं पता कि मुझे कहां से इस वायरस ने पकड़ा'
बकौल किरण, "मैं कहीं बाहर नहीं गया और न ही किसी के संपर्क में आया। इसके बावजूद मुझे इस वायरस ने पकड़ लिया। न जाने ये सब कैसे हुआ? मैं नहीं जानता कि यह वायरस मेरे शरीर के अंदर कहां से आया। हर बार की तरह इस बार भी मैं रेगुलर हेल्थ चेकअप कराने गया था। लेकिन डॉक्टर ने कहा कि पहले कोरोनावायरस का टेस्ट करना जरूरी है। बिना किन्हीं लक्षणों के रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।"
किरण आगे कहते हैं, "मैंने तुरंत बीएमसी अथॉरिटीज को सूचना दी। चूंकि मैं दो फ्लोर के घर में रहता हूं तो अथॉरिटीज ने मुझे वहीं एक फ्लोर में अकेले रहने की इजाजत दे दी। मैंने अपने आपको आइसोलेट कर लिया और सावधानियां बरतनी शुरू कर दीं। कुछ दिन बाद दोबारा जांच कराई तो रिपोर्ट नेगेटिव आ गई। हालांकि, अब भी प्रिकॉशन ले रहा हूं। फैमिली मेंबर्स से दूरी बनाए हुए हूं और घर में भी मास्क पहनकर रहता हूं।"
किरण का कोरोना टेस्ट 14 मई को पॉजिटिव आया था। इसके बाद से वे होम क्वारैंटाइन हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2M5Y9bs
Comments