दोस्त के सुसाइड के चार दिन बाद टीवी एक्टर मनमीत ने की आत्महत्या, दोनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे
टीवी एक्टर मनमीत ग्रेवाल के सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। उनके दोस्त मंजीत सिंह ने एक बातचीत में बताया, "चार दिन पहले ही मनमीत के दोस्त ने भी पंखे से लटककर आत्महत्या की थी। वह भी आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। दोनों ने फॉरेन ट्रिप के लिए लोन लिया था और वे इसका भुगतान नहीं कर पा रहे थे।"
किसी ने नहीं की मनमीत का शव उतारने में मदद
15 मई को मनमीत ने नवी मुंबई स्थित अपने घर में खुदकुशी की। वे बेरोजगारी और कर्ज से परेशान थे। मंजीत कहते हैं, "कोरोनावायरस संक्रमण के डर के चलते किसी ने भी मनमीत का शव सीलिंग फैन से उतारने में मदद नहीं की। सभी लोग सिर्फ वीडियो बनाने में व्यस्त थे।" मंजीत के मुताबिक, 6 साल से मनमीत उनके दोस्त थे और वे उन्हें परिवार के सदस्य की तरह मानते थे।
बकौल मंजीत, "एक शाम पहले ही मेरी उससे बात हुई थी। वह ठीक लग रहा था। ऐसा नहीं लगा कि वह किसी तरह की चिंता में था। वह अपनी सभी चिंताओं और समस्याओं के बारे में मुझे बताता था।" मंजीत की मानें तो मनमीत उनसे यह जरूर कहते थे कि उनके पास काम नहीं है और घर का किराया चुकाने के पैसे भी नहीं है। लेकिन वे हर समस्या का सामना मुस्कराकर करते थे और अपनी कॉमेडी से दूसरों को भी हंसाया करते थे।
'कोई दुपट्टा काट देता तो बच जाती मनमीत की जान'
टीवी पर मनमीत की बहन का किरदार निभा चुकीं सना मकबूल की मानें तो मनमीत की जान बचाई जा सकती थी। वे कहती हैं, "सच या झूठ का मुझे पता नहीं। लेकिन मैंने सुना है कि जब उनकी (मनमीत) पत्नी रोते हुए मदद की गुहार लगा रही थी, तब वे जीवित थे। अगर कोई दुपट्टा काट देता तो आज वे हमारे बीच होते।" सना के मुताबिक, वे मनमीत को पाजी कहकर बुलाती थीं और हमेशा उनके संपर्क में रहती थीं।
दो साल पहले ही हुई थी शादी
मनमीत अपने पीछे पत्नी और पैरेंट्स को छोड़ गए हैं, जो पंजाब में रहते हैं। दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी। मनमीत ने 'आदत से मजबूर' और 'कुलदीपक' जैसे सीरियल्स में काम किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2zJ79jQ
Comments