रामायण में सीता के स्वयंवर को भव्य बनाने के लिए मुंबई से वडोदरा फ्लाइट से जाते थे फूल, ड्रेस तैयार करने में भी आई थीं कई दिक्कतें
आनंद सागर निर्मित और देवीना बनर्जी- गुरमीत चौधरी अभिनीत ‘रामायण’ का री-टेलीकास्ट इन दिनों दंगल टीवी पर हो रहा है। उस समय इसे भव्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया गया। सीता के स्वयंवर को आकर्षक और रियल बनाने के लिए रोजाना मुंबई से वडोदरा फूलों की टोकरी फ्लाइट से भेजी जाती थी।
धारावाहिक के क्रिएटिव हेड शहाब शम्सी बताते हैं- ‘सीता के स्वयंवर को हम भव्यता से दिखाना चाहते थे ताकि यह रियल लगे। इसके लिए मैं खुद वडोदरा से मुंबई रोजाना फूल लेने आता था। मुंबई से सुबह की फ्लाइट पकड़कर 15 से 20 किलो फूल लेकर जाता था। यह क्रम लगभग सप्ताह भर चला। यह सीन गर्मी के मौसम में फिल्माया जा रहा था। सेट पर एसी वगैरह तो थी नहीं, इसलिए रोजाना मुंबई से वडोदरा फूल लेने आना पड़ता था। रामायण में स्वयंवर के समय जितने भी फूल राम और सीता पर बरसाए गए हैं, वह रियल हैं। यह इसलिए भी किया गया था ताकि भावना में कहीं कोई अशुद्धि न हो’।
स्वयंवर की कॉस्ट्यूम पहुंचने में भी आई थीं दिक्कतें
सीता का लहंगा में भी बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। दरअसल, यह लहंगा आनंद सागर की धर्मपत्नी और डिजाइनर निशा सागर द्वारा बनवाया गया था। 14 किलो के इस लहंगे को बनाने के लिए एक हफ्ते तक रोजाना 10 से 15 कारीगर काम करते थे। इसको टच अप देकर जब मुंबई से वडोदरा डिलीवर करवाना था तब पता चला कि जहां काम चल रहा था वहां की लाइट चली गई। खबर मिलते ही मैं सकते में आ गया, क्योंकि अगली सुबह सीता के स्वयंवर में देबिना को यही पोशाक पहनना था।
सही समय में तैयार नहीं था लहंगा
जेनरेटर मंगवा कर रात भर फाइनल टच अप दिया गया। इसके बावजूद फ्लाइट के समय यह तैयार नहीं हो पाया, तब इसे बाय रोड मुंबई से वडोदरा पहुंचाया गया। बहरहाल तभी मुंबई से निशा सागर जी का फोन आया। उन्होंने बताया कि रात भर हम लोगों ने काम करके सुबह 3:00 बजे बाई रोड जोड़ा रवाना कर दिया है। यह खबर सुनकर मेरी जान में जान आई।
सेट पर बिगड़ गई थी गुरमीत की तबियत
यह सब होने के बाद इधर एक समस्या और खड़ी हो गई। पता चला कि राम का रोल निभाने वाले गुरमीत चौधरी की तबियत खराब है। सेट पर एक डॉक्टर हमेशा मौजूद रहते थे, उन्हें बुलाकर गुरमीत का इलाज करवाया गया, उसके बाद जैसे तैसे यह शूटिंग संपन्न हुई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2T53qDU
Comments