एक्ट्रेस मोहना कुमारी का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव, घरवाले और नौकरों समेत 23 लोग संक्रमित
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' जैसे शोज में काम कर चुकीं टीवी एक्ट्रेस मोहना कुमारी सिंह का कोरोनावायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। उनके पति सुयश रावत, ससुर और केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सास अमृता रावत, जेठानी आराध्या और उनका पांच साल का बेटा भी कोरोना से संक्रमित है। मोहना के घर में काम करने वाले 17 कर्मचारियों का कोविड-19 टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। सभी ऋषिकेश के एम्स में भर्ती हैं।
सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
मोहना ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए लिखा है, "सो नहीं सकती। ये शुरुआती दिन हम सभी के लिए बहुत कठिन हैं। खासकर हमारे बच्चों और बुजुर्गों के लिए। लेकिन मैं प्रार्थना कर रही हूं कि जल्दी ही यह सब खत्म हो। हम ठीक हैं।"
मोहना ने आगे लिखा, "हमें किसी भी शिकायत का अधिकार नहीं है। क्योंकि यहां कई ऐसे लोग हैं, जो हमसे ज्यादा सहन कर रहे हैं। लेकिन मैं आपमें से हर एक का संदेशों, प्रार्थनाओं और आपके द्वारा भेजे गए प्यार के लिए शुक्रिया अदा करती हूं। यह हमारे अंदर ऊर्जा बनाए रखता है। हम आप सभी के दिल से आभारी हैं। आप सभी का शुक्रिया।"
जेठ की रिपोर्ट नेगेटिव आई
एक बातचीत में मोहना ने बताया कि वे ठीक हैं और उनका पूरा परिवार अस्पताल में भर्ती है। वे कहती हैं, "मेरे जेठ की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, इसलिए वे पूरी तरह ठीक है। हममें मामूली से लक्षण हैं और मुझे लगता है कि ये मौसम में हुए बदलाव के चलते हो सकते हैं। अच्छी बात यह है कि किसी में भी बहुत ज्यादा लक्षण दिखाई नहीं दे रहे हैं।"
सबसे पहले सास का टेस्ट पॉजिटिव आया
खबरों की मानें तो बीते शनिवार मोहना की सास अमृता रावत की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने घर में मौजूद सभी लोगों की जांच की। परिवार के सदस्य और नौकरों को मिलाकर कुल 41 सैंपल टेस्ट के लिए गए थे, जिनमें से 22 पॉजिटिव आए हैं।
रीवा के राज घराने में जन्मी मोहना कुमारी
मध्य प्रदेश के रीवा के राज घराने में जन्मी मोहना की शादी पिछले साल अक्टूबर में सतपाल महाराज के बेटे सुयश से हुई थी। यह सेरेमनी में हरिद्वार में हुई थी। एक्ट्रेस होने के साथ-साथ मोहना कोरियोग्राफर भी हैं। उन्होंने 2012 में 'डांस इंडिया डांस' से छोटे पर्दे पर एंट्री ली। इसके बाद उन्हें 'दिल दोस्ती डांस' और 'झलक दिखला जा' में अपने हुनर का जलवा दिखाते देखा जा चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dpfvfB
Comments