चंकी पांडे की भतीजी अलाना का आरोप- सोशल मीडिया पर बिकिनी फोटो डालने पर महिला ने दी गैंग रेप की धमकी
चंकी पांडे की भतीजी और अनन्या पांडे की कजिन अलाना का आरोप है कि एक महिला ने उन्हें गैंग रेप की धमकी दी है। उनके मुताबिक, महिला ने ऐसा तब किया, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बिकिनी फोटो पोस्ट की। अलाना ने अपना दर्द बयां करते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है और लिखा है कि पहले वे इसे लेकर हैरान थीं, लेकिन अब ये धमकियां उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई हैं।
अलाना ने पोस्ट साझा करते हुए कैप्शन में लिखा है, , "यह कुछ महीने पहले की बात है। काश कि मैंने पहले ही इस बारे में बात की होती। लेकिन इस तरह की चीजें पढ़ते हुए जागना मेरे लिए सामान्य सी बात हो गई है। यह मेरी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। यहां मैं जो बता रही हूं, वह उसका 1% है, जो मैं हर रोज पढ़ती हूं।"
महिला ने मेरे मां-पापा को भी टैग किया: अलाना
पोस्ट में अलाना लिखती हैं, "मैंने अपनी पोस्ट पर एक महिला का कमेंट देखा, जिसने लिखा था कि मैं गैंग रेप के लायक हूं, क्योंकि मैंने बिकिनी फोटो पोस्ट की। इसके साथ ही उसने मेरी मां और पापा को कमेंट में टैग कर दिया, ताकि वे भी इसे देख सकें। काश कि मैंने स्क्रीनशॉट लिए होते। लेकिन जब मैंने यह देखा तो मैं हिल गई। मैंने उसे ब्लॉक किया और तुरंत ही इंस्टाग्राम से कमेंट भी डिलीट कर दिया।"
शादीशुदा और एक बेटी की मां है महिला
अलाना ने आगे लिखा, "जब मैं उसे ब्लॉक करने के लिए उसकी प्रोफाइल पर गई तो मैंने देखा कि वह शादीशुदा और मुझसे भी छोटी एक बेटी की मां है। मुझे समझ नहीं आता कि आप कैसे किसी और के बच्चे के बारे में ऐसा सोच सकते हैं।"
साझा किया महिला की प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट
अलाना ने महिला की प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए लिखा है, "हमारे देश में पढ़ी-लिखी महिलाएं भी इस तरह सोच सकती हैं, बात कर सकती हैं। उसके बायो के मुताबिक, वह या तो डॉक्टर है या फिर नर्स।"
अलाना की मां बोलीं- मुझे भी मैसेज किया था
अलाना की मां डिएन पांडे ने उनकी पोस्ट पर कमेंट किया है। उन्होंने लिखा है, "यह वही महिला है, जिसने मुझे मैसेज किया था कि मैं अपनी बेटी की परवरिश गलत तरीके से कर रही हूं। मुझे शर्म आनी चाहिए। आप बॉलीवुड से प्रभावित हैं, इसलिए कम कपड़े पहनते हैं। उसने यह भी कहा था कि आप ये कपड़े सिर्फ अटेंशन के लिए पहनते हैं।"
चंकी पांडे के भाई की बेटी अलाना
24 साल की अलाना चंकी पांडे के छोटे भाई चिक्की पांडे की बेटी हैं। वे पेशे से मॉडल और एक्ट्रेस हैं। अलाना की इंस्टाग्राम प्रोफाइल के मुताबिक, वे कोलैबट्राइब नाम की कंपनी की सीईओ हैं, जिसकी टैगलाइन "बाय फ्रेंड्स फॉर फ्रेंड्स है'।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dHWncG
Comments