हिंदुस्तानी भाऊ ने भेजा एकता कपूर को लीगल नोटिस, कहा- वेब शो में भारतीय सेना के अपमान पर माफी मांगें
एकता कपूर के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद हिंदुस्तानी भाऊ के नाम से मशहूर विकास पाठक ने अब उन्हें लीगल नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने मांग की है कि एकता अपने वेब शो 'एक्सएक्सएक्स अनसेंसर्ड 2' में भारतीय सेना के अपमान के लिए उनसे मांगे और भारत सरकार को 100 करोड़ रुपए का भुगतान करें।
वकील ने एक बातचीत में की पुष्टि
हिंदुस्तानी भाऊ के वकील अली कासिफ खान ने नोटिस के बारे में विस्तार से बताते हुए एक बातचीत में कहा, "हमने एकता कपूर को एक लीगल नोटिस भेजा है। इसमें हमने कहा है कि वे भारतीय सेना से माफी मांगे और हर्जाने के तौर पर 100 करोड़ रुपए भारत सरकार के खाते में जमा कराएं।"
अली के मुताबिक, उन्होंने विवादित एपिसोड को हटाने और आगे से इस तरह का कोई भी काम करने से बचने के लिए भी कहा है। वे कहते हैं, "हमने एक शर्त भी रखी है कि 14 दिन के अंदर अगर उन्होंने नोटिस का पालन नहीं किया तो पुलिस में शिकायत के साथ-साथ अल्ट बालाजी पर प्रतिबंध लगाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका भी दायर करेंगे।"
क्या है मामला
एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस अल्ट बालाजी के बैनर तले बनी वेब सीरीज 'एक्सएक्सएक्स अनसेंसर्ड 2' में अभिनेत्री अदिति कोहली ने एक आर्मी ऑफिसर की पत्नी पाम का किरदार निभाया है, जो पति के ड्यूटी पर जाते ही रिबू मेहरा नाम के आदमी को घर बुलाती है। पाम रिबू को अपने पति की यूनिफॉर्म पहनाती है और उसके साथ इंटिमेट होती है।
हिंदुस्तानी भाऊ ने इस सीन को आपत्तिजनक और भारतीय सेना का अपमान बताया है। उन्होंने एकता कपूर, उनकी मां शोभा कपूर और अल्ट बालाजी के खिलाफ मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
करीब दो सप्ताह पहले हैदराबाद में भी प्रोडक्शन हाउस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। हालांकि, इसे हैदराबाद साइबर क्राइम सेल ने यह कहते हुए खारिज कर दिया था कि शिकायत में कोई दम नहीं है। पूरे विवाद पर एकता या प्रोडक्शन हाउस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कौन हैं हिंदुस्तानी भाऊ
हिंदुस्तानी भाऊ का असली नाम विकास जयनारायण पाठक है। वे यूट्यूबर हैं। साथ ही टिक टॉक स्टार भी हैं। 'बिग बॉस' के 13वें सीजन में उन्होंने बतौर कंटेस्टेंट वाइल्ड कार्ड एंट्री ली थी। वे महाराष्ट्र में पैरेंट्स, पत्नी और बेटे के साथ रहते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Udmi47
Comments