लॉकडाउन भी नहीं तोड़ पाया परम्परा, जन्मदिन पर सिद्धिविनायक पहुंचीं एकता कपूर, लेकिन दर्शन बाहर से ही करने पड़े
एकता कपूर अपने बर्थडे पर हर साल मंदिर जरूर जाती हैं। यहां तक कि लॉकडाउन भी उनकी इस परम्परा को नहीं तोड़ पाया। रविवार को जब एकता ने अपना 45वां जन्मदिन मनाया तो वे भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचीं। हालांकि, उन्हें मंदिर के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। बल्कि उन्हें बाहर से ही भगवान के दर्शन करने पड़े।
एकता ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए वीडियो
एकता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर मंदिर विजिट के दो वीडियो साझा किए हैं। इनमें से एक में मंदिर परिसर में लगी एलईडी स्क्रीन पर गणेशजी की पूजन होते दिखाई दे रही है। जबकि दूसरे वीडियो में मंदिर का बोर्ड दिखाते हुए एकता ने लिखा है, "बाहर से दर्शन।"
महाराष्ट्र में अभी बंद ही रहेंगे मंदिर
8 जून से देश के कई राज्यों में सुरक्षा के उपायों के साथ धार्मिक स्थल खोलने की अनुमति मिल गई है। लेकिन महाराष्ट्र सरकार ने इसे मंजूरी नहीं दी है। महाराष्ट्र के कानून और न्यायिक विभाग के सचिव राजेंद्र भागवत ने एक बातचीत में कहा कि राज्य में लोगों के लिए मंदिर, मस्जिद, गिरिजाघर और अन्य धार्मिक जगहों को खोलने पर निर्णय लिया जाना अभी बाकी है। ऐसी जगहों पर लोगों को इकट्ठा करने की अनुमति देने पर अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है।
वेब शो को लेकर विवादों में हैं एकता
एकता इन दिनों अपने वेब शो 'एक्सएक्सएक्स: अनसेंसर्ड 2' को लेकर विवादों में घिरी हुई हैं। उनके प्रोडक्शन हाउस आल्ट बालाजी के बैनर तले बने इस शो पर भारतीय सेना के अपमान का आरोप लग रहा है। उनके खिलाफ हैदराबाद, मुंबई, इंदौर और जयपुर में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
दरअसल, शो के एक सीन में एक्ट्रेस अदिति कोहली उनके ब्वॉयफ्रेंड को सेना की वर्दी पहनाकर इंटिमेट होती नजर आई हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर एकता और उनकी मां शोभा कपूर को रेप तक की धमकियां मिल रही हैं।
शनिवार को एक बातचीत में एकता ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें सेना के जवानों और उनकी पत्नियों से माफी मांगने में कोई दिक्कत नहीं है। साथ ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए उन्होंने विवादित सीन को भी सीरीज से हटा दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Yrfdyz
Comments