तीन साल पहले गुपचुप तरीके से शादी कर चुकीं बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर, बोलीं- बहुत गालियां पड़ने वाली हैं
बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर ने अपनी शादी को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका कहना है कि वे पिछले तीन साल से शादीशुदा हैं और उन्होंने साल 2017 में स्विटजरलैंड के बिजनेसमैन माइक रिचर से शादी की थी। सिंगर के मुताबिक इस बात को उन्होंने इसलिए सबसे छुपाकर रखा था, क्योंकि उनकी शादी पारंपरिक तरीके से नहीं हुई थी। हालांकि उन्होंने जल्द ही सार्वजनिक रूप से शादी करने की बात भी कही।
मोनाली ने ये खुलासा टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में किया। उन्होंने बताया कि मैंने इस बात को किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर नहीं किया था। लेकिन फिर भी लोगों ने इस बात का अंदाजा पहले ही लगा लिया था। क्योंकि कई बार इंस्टाग्राम फोटोज में गलती से मेरी अंगूठी नजर आ गई थी।
जल्द ही शादी समारोह रखेंगे
शादी के बाद से ही मोनाली अपने पति माइक और उनके परिवार के साथ स्विटजरलैंड में रहती हैं। उनके मुताबिक 'ये बात उन्होंने अबतक किसी को इसलिए नहीं बताई थी, क्योंकिे ये एक परम्परागत शादी नहीं थी और हम सबके सामने शादी करने के लिए किसी अच्छे मौके की तलाश कर रहे थे। लेकिन हम इसे लेकर लगातार देरी करते गए और तीन साल गुजर गए।' मोनाली ने बताया कि माइक खेलों के लिए बड़े दीवाने हैं और रेस्टोरेंट चलाते हैं।
बोलीं- बहुत गाली पड़ने वाली है...
इतनी देरी से खुलासे को लेकर मोनाली ने कहा, 'मुझे पता है बहुत गाली पड़ने वाली है लोगों से, लेकिन मैं सोचती हूं कि जब हमारा विवाह समारोह होगा और सेलिब्रेशन के लिए हम लोगों को बुलाएंगे तो उनकी नाराजगी दूर हो जाएगी।' हालांकि फंक्शन के लिए अब भी कोई तारीख निर्धारित नहीं की गई है। मोनाली ने बताया कि 'जब सभी चीजें ठीक हो जाएंगी, तो हम इस बारे में जरूर सोचेंगे।'
पेड़ के नीचे हुई थी पहली मुलाकात
माइक से पहली मुलाकात के बारे में बताते हुए मोनाली बोलीं, 'स्विटजरलैंड ट्रिप के दौरान मैं माइक से मिली थी और हम तुरंत एक-दूसरे की ओर आकर्षित हो गए। सिर्फ माइक ही नहीं मेरा कनेक्शन उनके परिवार के साथ भी बन गया। माइक ने मुझे बिल्कुल उसी जगह पर प्रपोज किया था, जहां हम पहली बार एक पेड़ के नीचे मिले थे। साल 2016 में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर जमा देने वाली ठंड के बीच। मैंने तुरंत हां कह दिया।'
हाल ही में रिलीज हुआ 'दिल का फितूर'
मोनाली के मुताबिक, 'हम दोनों की पसंद भी बिल्कुल एक समान है। माइक को खाना बहुत पसंद है और एक बंगाली होने के नाते मैं भी खाने से बेहद प्यार करती हूं।' मोनाली का नया सिंगल 'दिल का फितूर' 9 जून को ही रिलीज हुआ है। इसके वीडियो में मोनाली के साथ उनके पति माइक भी नजर आ रहे हैं।
माइक के परिवार के साथ मोनाली
##
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ff5tOA
Comments