करन पटेल ने किया करण सिंह ग्रोवर को रिप्लेस, अगले हफ्ते से शूटिंग शुरू करेंगे 'कसौटी..' के नए मिस्टर बजाज
'कसौटी जिंदगी की' इन दिनों टेलीविजन पर सबसे लोकप्रिय शो बना हुआ है और पिछले कुछ दिनों से हर दर्शक और प्रशंसकों के मन में एक ही सवाल था कि अगला मिस्टर बजाज कौन होगा?' करण सिंह ग्रोवर के शो से बाहर निकलने के ठीक बाद नए मिस्टर बजाज की खोज जारी थी। इस दौरान मिस्टर बजाज के किरदार के लिए कई अभिनेताओं के नाम सामने आए, जिसमें गौरव चोपड़ा, शरद केलकर, डिनो मोरिया, करन पटेल, मिलिंद सोमन जैसे प्रतिभाशाली एक्टर्स के नाम शामिल हैं। हालांकि अब मेकर्स को नए मिस्टर बजाज मिल गए हैं।
टेलीविजन के एसआरके के रूप में जाने जाने वाले अभिनेता करन पटेल ने इस किरदार को हासिल किया है। कसौटी जिंदगी की में मिस्टर बजाज का किरदार निभाने के लिए करन को फाइनल किया गया है। इस प्रतिभाशाली अभिनेता ने अपने पिछले किरदारों से दर्शकों के बीच खूब प्रशंसाएं बटोरीं हैं और वहीं करन भी अपने इस नए किरदार को लेकर काफी उत्साहित हैं।
जब इस बारे में करन पटेल से बात की गई, तो उन्होंने कहा, “मैं मिस्टर बजाज की भूमिका निभाने के लिए उत्सुक हूं और हम अगले सप्ताह से इसकी शूटिंग शुरू करेंगे। लगभग 3 महीनों के बाद शूटिंग शुरू करना कई मायनों में मजेदार है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैंने इससे पहले मिस्टर बजाज के बेटे के दोस्त की भूमिका निभाई है। अब मिस्टर बजाज का किरदार निभाना मेरे लिए एक नई शुरुआत है। मिस्टर बजाज एक प्रतिष्ठित किरदार है और यह सालों से लोगों के दिमाग में है। इसीलिए अब यह सम्मान की बात है।
रोनित रॉय और करण सिंह ग्रोवर के बाद अब मुझे अपनी बारीकियों को जोड़कर इस किरदार को आगे लेकर चलना है। मैं इस किरदार को और भी प्रतिष्ठित और दर्शकों का चहीता बनाने का इरादा रखता हूं। मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी मुझे उतना ही प्यार और समर्थन देंगे और मैं इस अद्भुत अवसर के लिए चैनल और निर्माताओं के का बहुत आभारी हूं।”
पेकट के चलते करण सिंह ग्रोवर ने छोड़ा शो
भास्कर से बातचीत के दौरान शो से जुड़े सूत्रों ने बताया कि करण ने पैमेंट में कटौती के चलते शो छोड़ा है। एकता कपूर ने उनसे इस बारे में बात की मगर वो राजी नहीं हुए। सूत्र बताते हैं कि करण अब फिल्मों और वेब शोज में ज्यादा फोकस करना चाहते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YAlvwQ
Comments