अस्पताल में भर्ती मोहना कुमारी ने बयां किया अपना हाल, लाइव सेशन में को-एक्टर को देखते ही रो पड़ीं
कोरोनावायरस से संक्रमित टीवी एक्ट्रेस मोहना कुमारी सिंह इन दिनों ऋषिकेश के एम्स में भर्ती हैं। शनिवार को वे हॉस्पिटल से ही इंस्टाग्राम पर लाइव आईं और अपने फैन्स से रूबरू हुईं। मोहना ने बताया कि बीमारी ने न केवल उन्हें शारीरिक तौर पर, बल्कि मानसिक तौर पर भी तोड़ दिया है। इसी दौरान जब 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के को-एक्टर गौरव वाधवा ने सेशन ज्वॉइन किया तो मोहना अपने इमोशन पर कंट्रोल नहीं कर सकीं और रो पड़ीं।
6 दिन बाद भी टेस्ट नेगेटिव नहीं आया
लाइव चैट में मोहना ने बताया है कि उन्हें अस्पताल में 6 दिन हो गए हैं। लेकिन अभी तक किसी का टेस्ट नेगेटिव नहीं आया है। इसके चलते उन्हें शारीरिक तौर पर उतना बुरा नहीं लग रहा, जितनी वे मानसिक तौर पर प्रभावित हो रही हैं। बातचीत में मोहना ने यह भी बताया कि कैसे वे और उनके फैमिली मेंबर्स वायरस से संक्रमित हुए।
उनके मुताबिक, सबसे पहले उनकी सास को बुखार आया था। पहली बार टेस्ट कराने पर रिजल्ट नेगेटिव आया तो उन्हें लगा कि सामान्य फ्लू होगा। लेकिन बुखार लगातार बढ़ता रहा तो उन्होंने दोबारा टेस्ट कराया, जो पॉजिटिव आ गया। इसके बाद फैमिली के बाकी सदस्यों को क्वारैंटाइन सेंटर भेजा गया और सभी की जांच भी की गई।
ज्यादातर सदस्यों का रिजल्ट पॉजिटिव आया और सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। मोहना ने यह दावा भी किया कि घर में जरूर एक-दूसरे की वजह से संक्रमण फैला। लेकिन उनकी वजह से यह बाहर नहीं जा पाया।
गौरव को देखते ही रो पड़ीं मोहना
मोहना फैन्स से कोविड-19 से लड़ने का अनुभव साझा कर रही थीं। इसी दौरान गौरव वाधवा ने उन्हें ज्वॉइन किया। उन्हें देखते ही वे रो पड़ीं। जब गौरव ने इसकी वजह पूछी तो मोहना ने बताया कि ये उन्हें देखने के बाद निकले खुशी के आंसू हैं। मोहना के मुताबिक, जब उनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया तो वे डर गई थीं। हालांकि, वे सलाह देती हैं कि किसी को इससे नहीं डरना चाहिए।
अस्पताल में ऐसी है मोहना को डाइट
एक्ट्रेस ने वाधवा से बातचीत में अस्पताल में अपनी डाइट के बारे में भी बताया। उनके मुताबिक, वे ज्यादातर फल, कच्ची हल्दी, बहुत सारा काढ़ा और नॉर्मल घर वाला खाना खा रही हैं। साथ ही अपनी नॉर्मल लाइफ, कलीग्स और दोस्तों को याद कर रही हैं।
परिवार के ज्यादातर सदस्य संक्रमित
मध्य प्रदेश के रीवा के राज घराने में जन्मी मोहना की शादी पिछले साल अक्टूबर में सतपाल महाराज के बेटे सुयश से हुई थी। परिवार में उनके अलावा, उनके पति सुयश रावत, ससुर और केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सास अमृता रावत, जेठानी आराध्या और उनका पांच साल का बेटा भी कोरोना से संक्रमित है। साथ ही घर में काम करने वाले 17 कर्मचारियों का कोविड-19 टेस्ट भी पॉजिटिव आया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Y9iRwH
Comments