मुश्किल में सीरियल्स की शूटिंग, FWICE और CINTAA ने कलाकारों की सुरक्षा व भुगतान को लेकर सदस्यों को काम करने से रोका
हाल ही में खबर आई थी कि 'शक्ति - अस्तित्व के एहसास की' समेत कई टीवी सीरियल्स की शूटिंग दोबारा शुरू होने जा रही है। लेकिन इसी बीच फेडरेशन ऑफ वेस्टर्स इंडिया सिने एम्प्लॉइस (FWICE) और सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) ने अपने सदस्यों को टीवी शोज की शूटिंग शुरू करने से रोक दिया है। उन्होंने सेट पर सुरक्षा उपायों और भुगतान को लेकर आम सहमति नहीं बन पाने की वजह से ऐसा किया है।
इस बारे में FWICE और CINTAA ने सोमवार को ऑनलाइन बैठक करते हुए फैसला लिया। एसोसिएशन की तरफ से सोमवार देर रात जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में जोर देकर कहा गया कि प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन को अब भी सभी कलाकारों और तकनीशियनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय सुनिश्चित होने का इंतजार है।
बयान में दी पूरी जानकारी
CINTAA और FWICE ने एक संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा, 'बहुत अफसोस के साथ इस बात को कहना पड़ रहा है कि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सभी प्रोड्यूसर्स को सख्त दिशा निर्देश देते हुए कलाकारों, कर्मचारियों और तकनीशियनों को कोविड-19 की वजह से लगाए गए लॉकडाउन से पहले की बकाया राशि का भुगतान करने के लिए कहा था। लेकिन प्रोड्यूसर्स ने अब भी हमारे सदस्यों की बकाया राशि नहीं चुकाई है। हमारे सदस्यों की पूरी बकाया राशि का भुगतान शूटिंग शुरू होने से पहले हो जाना चाहिए।'
कोई फैसला होने तक लगाई रोक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिककुमकुम भाग्य, कुंडली भाग्य, तुझसे है राब्ता, कुर्बान हुआ, सारेगामापा लिटिल चैंप्स और सारेगामापा पंजाबी की शूटिंग मंगलवार से दोबारा शुरू होनी थी। हालांकि CINTAA-FWICE ने अपने सदस्यों को तब तक शूटिंग शुरू नहीं करने के लिए कहा है, जब तक कि सुरक्षा उपायों को लेकर सभी चिंताओं को हल नहीं कर लिया जाता।
इसके अलावा अपने स्टेटमेंट में दोनोंएसोसिएशनने पेमेंट, इंश्योरेंस औरसिक्योरिटी जैसे कई मुद्दों को भी उठाते हुए उनका समाधान शूटिंग शुरू होने से पहले करने की जरूरत बताई।

प्रेस के सामने आने की वजह बताई
एसोसिएशन्स ने प्रेस रिलीज के जरिए ये भी कहा कि 'प्रेस रिलीज के साथ सामने आने का फैसला इसलिए लेना पड़ा क्योंकि काम की शर्तों/ भुगतान शर्तों/ ड्यूटी की अवधि समेत कई शिकायतों को प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के सामने विभिन्न बैठकों में और अन्य तरीकों से कई बार उठाया गया था, लेकिन उनसे कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। अभी भी इस मामले में बड़ी अनिश्चितता की स्थिति है।'
CINTAA ने जारी की चेतावनी
इससे पहले निर्माता रश्मि शर्मा ने अपनी सीरियल 'शक्ति- अस्तित्व के एहसास की' शूटिंग पहले ही शुरू कर दी थी। सूत्रों की मानें तो रश्मि की टीम का कोई मेंबर CINTAA का सदस्य नहीं हैं और यही वजह है कि उन्होंने एसोसिएशन की तरफ से आए किसी भी निर्देश का पालन नहीं किया। हालांकि CINTAA की तरफ ने उन्हें एक चेतावनी जरूर मिल गई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hZ11p6
Comments