सेट पर भीषण आग लगने से रोकनी पड़ी 'कुमकुम भाग्य' और 'कसौटी जिंदगी के' शो की शूटिंग, पूरी टीम को सुरक्षित घर भेजा गया
साल 2020 कई वजहों से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए बुरा साबित हो रहा है। कुछ बड़े एक्टर्स की मौत, महामारी, लॉकडाउन, शूटिंग रुकने जैसी कई बड़ी खबरों के बाद अब टीवी शो के सेट पर आग लगने से हलचल मच गई है। शनिवार को कुमकुम भाग्य के सेट पर शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। ये आग इतनी तेज थी कि साथ वाले सेट को भी खाली करवाना पड़ा हालांकि इस हादसे की चपेट में कोई भी सेलेब या टीम मेंबर नहीं आया है।
बीते दिन कुमकुम भाग्य के सेट पर लगी आग की कुछ तस्वीरें और वीडियोज लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं जिसमें सभी टीम मेंबर सेट खाली कर बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। कुमकुम भाग्य और कसौटी शो के सेट एक दूसरे से सटे हुए हैं इसीलिए एक साथ दोनों सेट खाली करवाए गए। जब आग लगी तो शब्बीर अहलूवालिया, सृति झा,मुगधा चापेकर, पूजा बनर्जी और शुभावी चौकसे सेट पर मौजूद थे जो खबर मिलते ही बाहर आ गए।
स्पॉटब्वॉय ने सूत्रों के हवाले से लिखा कि सेट पर आग लगभग 4 से 4.15 के बीच शॉर्ट सर्किट से लगी थी। कुछ ही समय में आग काफी बढ़ गई लेकिन शुक्र है कि किसी को भी इस हादसे में चोट नहीं आई है। आग बढ़ते देख आस पास के लोगों ने बिना समय व्यर्थ किए पानी डालना शुरू कर दिया था फिर बाद में फायरब्रिगेड ने सही समय में पहुंचकर आग बुझाई। इस हादसे के बाद दोनों शोज की शूटिंग रोककर सभी टीम मेंबर को घर भेजा गया था।
सृति झा की मां ने उतारी नजर
सेट में आग लगने की खबर के बाद कुमकुम भाग्य की लीड एक्ट्रेस प्रज्ञा उर्फ सृति झा ने फैंस को अपने ठीक होने की जानकारी दी। एक्ट्रेस ने इंस्टा स्टोरी पर टीका लगाए हुए एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, आई ने मेरी नजर उतारी। मैं बिल्कुल ठीक हूं। हम दोनों की ज्यादा बात नहीं होती। हमेशा में उनके सामने अपने शब्द भूल जाती हूं मगर आज उन्होंने खुद बुलाया है। इतना प्यार कहां रखूं।
दो दिन पहले ही शुरू हुई थी कसौटी की शूटिंग
लॉकडाउन के बाद कसौटी शो की शूटिंग 24 जून से शुरू की गई थी लेकिन पार्थ समथान के कोविड -19 पॉजिटिव आने के बाद शूटिंग दोबारा रोकी गई थी। जिस समय पार्थ की रिपोर्ट आई उस समय सेट पर 30 लोग मौजूद थे जिसके बाद सभी का कोरोना टेस्ट हुआ। कास्ट और क्रू की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भी लीड एक्ट्रेस एरिका फर्नांडिस और कोमोलिका बनीं आमना शरीफ आइसोलेशन में हैं। लीड किरदार ना होने के चलते फिलहाल मेकर्स शुभावी चौकसे और पूजा बनर्जी का हिस्सा शूट कर रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CuH89J
Comments