आज तक चैनल का बताकर शेयर किया जा रहा अमिताभ बच्चन की खबर से जुड़ा यह स्क्रीनशॉट पड़ताल में फर्जी निकला
क्या वायरल : एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसे आज तक न्यूज चैनल का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि चैनल ने अमिताभ बच्चन के पेशाब करने को भी खबर की तरह पेश किया।
दैनिक भास्कर के पाठक ने फैक्ट चेक टीम के वॉट्सएप्प नंबर पर ये स्क्रीनशॉट पड़ताल के लिए भेजा।

सोशल मीडिया पर भी लोग इस स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए न्यूज चैनल पर निशाना साध रहे हैं
##
फैक्ट चेक पड़ताल
- गौर करने वाली बात ये है कि इस दावे के साथ सोशल मीडिया पर सिर्फ एक ही स्क्रीनशॉट वायरल हो रहा है। किसी भी यूजर ने आज तक चैनल का वो वीडियो शेयर नहीं किया, जिसके ब्रेकिंग सेक्शन में अमिताभ बच्चन के पेशाब जाने वाली बात लिखी हो। इसी से वायरल स्क्रीनशॉट के असली होने पर सवाल खड़ा होता है।

- वायरल स्क्रीनशॉट की पांच बातें। जिनके आधार पर हमने दावे की सत्यता जांचनी शुरू की।
- हैडलाइन - जहां लिखा है अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक: अस्पताल सूत्र
- स्क्रीन के सबसे नीचे एक अन्य खबर का अपडेट, जिसमें लिखा है - कोरोना की जांच के लिए डब्यूएचओ की टीम ची………
- अमिताभ और अभिषेकबच्चन की फोटो
- परेश रावल का बयान
- ब्रेकिंग न्यूज सेक्शन में लिखा है : अमिताभ खुद उठकर पेशाब करने गए।
- हैडलाइन-आज तक के यूट्यूब चैनल पर हमने उस हैडलाइन वाले वीडियो तलाशने शुरू किए। जिनमें लिखा हो - अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक: अस्पताल सूत्र। हमें 11 जुलाई को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। जिसमें यही हैडलाइन है। वीडियो शुरू होने के 7:25 मिनट बाद ये हैडलाइन फ्लैश हुई। लेकिन, यहां से स्क्रीनशॉट की बाकि चार चीजें गायब हैं। परेश रावल का बयान, अमिताभ और अभिषेक बच्चन की फोटो, विवादित लाइन, डब्ल्यूएचओ वाली खबर का अपडेट।

- डब्ल्यूएचओ की जांच टीम वाली खबर-का अपडेट भी इसी वीडियो में है। लेकिन, हैडलाइन फ्लैश होने से कुछ देर पहले। यानी वायरल स्क्रीनशॉट की हैडलाइन और नीचे चल रही एक अन्य खबर का अपडेट अलग-अलग समय के हैं। जाहिर है इन्हें बाद में एडिटिंग के जरिए मिलाया गया है।

- अमिताभ और अभिषेक की फोटो-ये फोटो भी इसी वीडियो में है। लेकिन, स्क्रीन की बाईं तरफ। जबकि वायरल स्क्रीनशॉट में इसे दाईं तरफ बताया गया है।

- परेश रावल का बयान। जो कि इस वीडियो में है ही नहीं। परेश रावल का बयान एक अन्य वीडियो में है, जो चैनल के ट्विटर हैंडल पर 12 जुलाई की सुबह 9:49 बजे अपलोड किया गया है।

- विवादित लाइन। जिसका स्क्रीनशॉट वायरल कर लोग चैनल पर निशाना साध रहे हैं। अमिताभ बच्चन को कोरोना होने से जुड़ी हर खबर का वीडियो देखने पर भी हमें ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला, जिसमें वह लाइन लिखी हो।

- स्क्रीनशॉट में ऊपर फ्लैश हो रही हैडलाइन और नीचे ब्रेकिंग न्यूज सेक्शन में लिखी ब्रेकिंग न्यूज वाली लाइन में एक स्पष्ट फर्क नजर आ रहा है। ये फर्क है फॉन्ट का। दोनों लाइनें अलग-अलग फॉन्ट में लिखी हैं। जबकि आजतक के यूट्यूब चेनल पर उपलब्ध किसी भी वीडियो में ऐसा नहीं है। असली वीडियोज में सभी टेक्स्ट एक ही फॉन्ट में लिखे हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट एडिटेड है।
निष्कर्ष : आज तक न्यूज चैनल के नाम पर वायरल हो रहा स्क्रीनशॉट फर्जी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2C0aaOn
Comments