इंडियाज बेस्ट डांसर के सेट पर मलाइका अरोड़ा की वापसी, हेलेन के मशहूर गाने 'पिया तू अब तो आजा' पर थिरकाए अपने कदम
डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' में जज मलाइका अरोड़ा की वापसी हो गई है। हाल ही में मलाइका ने लॉकडाउन के बाद शो के दूसरे एपिसोड की शूटिंग की जहां उनके साथ कोरियोग्राफर-जज टेरेंस लुइस और गीता कपूर भी मौजूद थे। बता दें कि इस शो के टॉप 12 प्रतिभागी अपने कोरियोग्राफर्स के साथ मिलकर अपनेअनोखी डांसिंग स्टाइल से बॉलीवुड लेजेंड्स को एक ट्रिब्यूट देंगे।
बॉलीवुड लेजेंड्स के मशहूर गानों पर परफॉर्म करेंगे कंटेस्टेंट्स:
शो के कंटेस्टेंट्स राजेश खन्ना, मिथुन दा, राज कपूर, सरोज खान, अमिताभ बच्चन, श्रीदेवी, शाहरुख खान, मेहमूद जैसे कलाकारों को अपने परफॉरमेंस के जरिये ट्रिब्यूट देंगे। कंटेस्टेंट्स की परफॉरमेंस देखकर खुद मलाइका भी अपने आपको रोक ना सकीं और मंच पर आकर एक कंटेस्टेंट के साथ अभिनेत्री ने हेलेन पर फिल्माए गए मशहूर गाने, 'पिया तू अब तो आजा' पर परफॉर्म किया।
मैं खुद को रोक ना सकी: मलाइका अरोड़ा
मलाइका इस बारे में बताती हैं, "शो में वापस लौटकर बहुत अच्छा लग रहा है। सारे कंटेस्टेंट्स अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और इस कड़ी प्रतियोगिता में हमारे लिए जज करना भी मुश्किल हो रहा है। जब एक कंटेस्टेंट ने 'पिया तू अब तो आजा' गाने पर परफॉर्म किया तो मैं खुद को रोक ना सकी। यह एकदम मस्त और सदाबहार गाना है। हम सभी ने अपनी जिंदगी में कम से कम एक बार यह गाना जरूर सुना होगा और जब भी यह गाना बजता है तो हम डांस करने से खुद को नहीं रोक पाते हैं। कुल मिलाकर मुझे लगता है कि प्रतिभागियों ने कुछ बेहतरीन परफॉर्मेंस दीं जिन्हें देखकर मैं यह सोच में पड़ गई कि एक्सप्रेशन के माध्यम से डांस कितना विकसित हो गया है।
होस्ट भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया बने पारो और देवदास:
बॉलीवुड लेजेंड्स को ट्रिब्यूट देने के लिहाज से शो के होस्ट भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया भी इस वीकेंड की थीम के अनुसार नए अवतार में नजर आएंगे। यह कपल पारो और देवदास बनकर दर्शकों को खूब गुदगुदाएंगे।
इस बारे में भारती बताती हैं, "यह पहली बार है जब हम पारो और देवदास बने नजर आएंगे। हमने बहुत मस्ती की और हमें खुशी है कि मलाइका मैम हमारे साथ वापस लौट आई हैं हालांकि हर्ष मुझसे ज्यादा खुश है (हंसते हुए)। अब तक हमें ये गाने सिर्फ इसलिए याद थे क्योंकि ये सभी सदाबहार गाने हैं लेकिन इन प्रतिभागियों ने अपनी असाधारण परफॉर्मेंस से मेरे दिमाग में इन गानों की एक गहरी छाप छोड़ दी है।"
पहले दिन रेमो ने ली थी मलाइका की जगह
इस शो का पहला एपिसोड कुछ दिनों पहले शूट किया गया था। मलाइका की बिल्डिंग में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिलने से उनकी बिल्डिंग सील की गई थी जिस कारण वो सेट पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में मेकर्स ने रेमो को उनकी जगह बुलाया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30Tm84P
Comments