छोटी सरदारनी में काम कर चुके टेलीविजन एक्टर अमल पर टूटा दुखों का पहाड़, कोरोना के कारण पिता की गई जान, मां भी हुईं संक्रमित
यह रिश्ता क्या कहलाता है और छोटी सरदारनी जैसी टेलीविजन शो में काम कर चुके एक्टर अमल सहरावत के ऊपर कोरोना महामारी कहर बनकर टूटी है। पिछले महीने उनके पिता कोरोना की वजह से अपनी जान गवां बैठे और मां भी संक्रमित हो गईं। अमल ने इस समय परिवार पर आई मुसीबत का जिक्र अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में किया है।
परिवार के लिए परीक्षा की घड़ी
उन्होंने लिखा, डियर इंस्टाग्राम फैमिली, कुछ दिनों से मैं एक्टिव ना होने और आप लोगों के मैसेज के जवाब ना देने के लिए माफी चाहता हूं। पिछले महीने मेरे पिता राज बेल सिंह की कोविड-19 की वजह से जान चली गई। मेरी मां का भी दो बार कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया।
यह मेरे परिवार के लिए परीक्षा की घड़ी है लेकिन पिता को धन्यवाद जो वो हमारे लिए खूबसूरत यादें छोड़कर गए जिनके सहारे हम आगे बढ़ रहे हैं। मैं सभी दोस्तों, रिश्तेदारों, छोटी सरदारनी की टीम को धन्यवाद कहना चाहता हूं जो कि इतने मुश्किल वक्त में मेरे और परिवार के साथ खड़े रहे।
मीडिया के सहयोग और संवेदनशील बने रहने के लिए आभारी हूं। मैं सबसे गुजारिश करता हूं कि कोविड 19 को समझें और पैनिक ना करें, सारे दिशा-निर्देशों का पालन करें। अगर कोई भी लक्षण सामने आए तो तुरंत डॉक्टर से सम्पर्क करें।
पिता से ना मिल पाने का गम: टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू में अमल ने कहा, मेरे पिता में कोरोना के कोई लक्षण देखने को नहीं मिले थे। हम तो उन्हें किसी और समस्या के कारण अस्पताल लेकर गए थे। लेकिन जब वहां कोरोना टेस्ट हुआ तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
इसके बाद, मैंने केवल एक बार ही उन्हें चंद पलों के लिए देखा। इस दौरान वह आईसीयू में थे और फिर पिछले महीने कार्डियक अरेस्ट आया और उनकी जान चली गई। उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती।
यह एक ऐसा वायरस है जिसे कोई समझ नहीं सकता, मेरे पिता सरवाइव नहीं कर पाए लेकिन डायबिटीज से पीड़ित होने के बावजूद मेरी मां ने कोरोना को मात दे दी। वह बिलकुल ठीक हैं। मेरे पिता उन्हें घर की आयरन लेडी कहते थे और यह बात सच साबित हुई। अमल इस वक्त अपनी मां के साथ दिल्ली में हैं जबकि उनकी वाइफ मुंबई में हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZZKNVU
Comments