एक साथ दो शो में नजर आएंगी टीवी एक्ट्रेस पूजा बनर्जी, 'कुमकुम भाग्य' में नैना सिंह को किया रिप्लेस
टेलीविजन अभिनेत्री पूजा बनर्जी अब एक साथ दो टेलीविजन शो में नजर आएंगी। सीरियल 'कसौटी जिंदगी के' में निवेदिता बासु के किरदार में नजर आने वाली पूजा ने एकता कपूर के शो 'कुमकुम भाग्य' के लिए हामी भर दी हैं। इस शो में वे अभिनेत्री नैना सिंह को रिप्लेस करेंगी।
मैं अपने करियर में एक साथ दो शो हमेशा करती आई हूं:
दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान पूजा बनर्जी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, "जी हां, मैं जल्द ही अब कुमकुम भाग्य में भी नजर आने वाली हूं। शो में मैं रिहा के किरदार में दिखूंगी जोकि कसौटी की निवेदिता बासु के किरदार से बिलकुल अलग होगा। वैसे, मैं अपने करियर में एक साथ दो शो हमेशा करती आई हूं तो मेरे लिए ये कोई नई बात नहीं होगी (हंसते हुए) हालांकि फिलहाल स्थिति सामान्य नहीं है। एक साथ दो शो के लिए शूट करना एक चैलेंज तो होगा ही लेकिन मैं तैयार हूं। फिलहाल मैं सिर्फ कसौटी के लिए शूट कर रही हूं, कुछ दिनों बाद कुमकुम भाग्य के लिए भी शूट करना शुरू कर दूंगी।"
दोनों ही किरदार एक दूसरे से काफी अलग हैं:
निवेदिता बासु और रिहा का किरदार दोनों एक दूसरे से काफी अलग हैं। इस बारे में पूजा बताती हैं, "एक तरफ निवेदिता बहुत समझदार बिजनेस वूमन है तो वही रिहा थोड़ी बचकानी हरकतें करती रहती हैं। दोनों ही किरदार एक दूसरे से काफी अलग हैं। अब ऑडियंस को मेरा कौन सा किरदार पसंद आता हैं ये तो वक्त ही बताएगा। सच कहूं तो मैं हमेशा चाहती हूं कि ऑडियंस मेरे किरदारों को याद रखे। मेरा हर किरदार लोगों के दिल में बसना चाहिए। उम्मीद करती हूं कुमकुम भाग्य के जरिये में लोगों के दिल में अपनी जगह बनाऊं।"
कब तक हम घर बैठे रहेंगे?
कोरोना वायरस के इस माहौल में देश के कई शहरों में घर से बाहर निकलना फिलहाल सुरक्षित नहीं माना जा रहा हैं। 'कसौटी जिंदगी के' लीड एक्टर पार्थ समथान खुद इस वायरस के चपेट में आ गए। पूजा अब एक नहीं बल्कि दो शो का हिस्सा हैं, ऐसे में किस तरह वे अपना ख्याल रखेंगी? इस बारे में वे बताती हैं, "मैंने भी अपना कोविड टेस्ट हाल ही में करवाया जिसकी रिपोर्ट्स नेगेटिव आई हैं। देखिए, हमें इस बात को स्वीकार करना होगा की यही नई लाइफस्टाइल हैं जिसे हमें किसी भी हालत में अपनाना होगा। कब तक हम घर बैठे रहेंगे?
वैक्सीन कब तक आएगा ये किसी को नहीं पता। काम तो करना ही होगा लेकिन हर तरह की सावधानी को ध्यान में रखकर। मेरे साथ कुछ 6 - 7 लोग काम करते हैं - स्पॉटबॉय, ड्राइवर, मेकअप आर्टिस्ट, हेयर स्टाइलिस्ट वगैरा, इन सभी की सैलरी मेरे काम करने पर निर्भर हैं। इनके लिए तो मुझे काम करना ही होगा। मैं हर तरह की सावधानी बरत रही हूं।"
अपने किरदार से संतुष्ट नहीं थी नैना सिंह:
बता दे की पूजा से पहले अभिनेत्री नैना सिंह 'कुमकुम भाग्य' में अभिषेक (शब्बीर अहलूवालिया) और प्रज्ञा (श्रीति झा) की बेटी रिहा का किरदार निभा रही थीं। हालांकि वे अपने किरदार से संतुष्ट नहीं थी जिसकी वजह से उन्होंने शो को बीच में ही छोड़ने का फैसला लिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jjudbo
Comments