टैलेंट मैनेजर का खुलासा- 13 जून को अभिनेता ऩे रमेश तौरानी और निखिल आडवाणी से नए प्रोजेक्ट पर बात की थी, वे बिल्कुल सामान्य थे
सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में हर रोज नए नए खुलासे हो रहे हैं। गुरुवार को सामने आई सुशांत के मोबाइल की CDR से पता चला कि मौत से एक दिन पहले उन्होंने अपने टैलेंट मैनेजर उदय सिंह गौरी से भी बात की थी। जिसके बाद एक चैनल से बातचीत के दौरान उदय ने बताया कि उस दिन सुशांत से हमारी बात हुई थी और हमने कुछ फिल्ममेकर्स के साथ नए प्रोजेक्ट्स को लेकर बात की थी।
न्यूज चैनल टाइम्स नाऊ से बातचीत में उदय ने बताया, 13 जून को हमने कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए सुशांत से बात की थी। मेरे और सुशांत के अलावा उस कॉन कॉल में फिल्म मेकर रमेश तौरानी और निखिल आडवाणी भी थे। हमने कुछ नए प्रोजेक्ट्स को लेकर सुशांत से बात की। जिनमें उन्होंने रुचि भी दिखाई।
सामान्य थे सुशांत और स्क्रिप्ट को लेकर उत्सुक थे
उदय ने बताया कि उस पूरी बातचीत के दौरान सुशांत बिल्कुल सामान्य लग रहे थे और स्क्रिप्ट के बारे में जानने के लिए उत्सुक थे। उन्होंने कुछ अच्छे सवाल भी पूछे थे और स्क्रिप्ट को लेकर सलाह भी दी थी। उदय के अनुसार सुशांत को कहानी पसंद आई थी और उन्होंने स्क्रिप्ट भी मांगी थी।
बातचीत के दौरान मैनेजर ने उनके इस कदम के उठाने के पीछे की दो वजह होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि एक बात तो ये है कि वे डिप्रेशन में रहे होंगे या फिर इंडस्ट्री में उन्हें बिल्कुल अलग-थलग कर दिया गया था और उन्हें कोई काम नहीं दे रहा था।
सीबीआई ने छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया
इससे पहले गुरुवार को सीबीआई ने बिहार पुलिस की अपील पर सुशांत सुसाइड केस में 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच अपने हाथों में ले ली। सीबीआई ने सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें रिया के पिता इंद्रजीत, मां संध्या, भाई शोविक, सहयोगी सैमुअल मिरांडा, श्रुति मोदी शामिल हैं।
8 जून के बाद रिया से नहीं हुई थी सुशांत की बात
गुरुवार को सुशांत के आखिरी सात दिनों की कॉल डिटेल्स भी सामने आ गई। जिससे पता चला कि 8 जून को सुशांत का घर छोड़ने के बाद रिया ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया था और इसके बाद से14 जून को अभिनेता के सुसाइड करने तक एकबार भी रिया से उनकी बात नहीं हुई थी। सुशांत की CDR (कॉल डिटेल्स रिपोर्ट) के अनुसार 8 से 14 जून के बीच सुशांत ने सिर्फ दो आउटगोइंग कॉल लगाए थे, दोनों उनकी बहनों को थे। वहीं इस दौरान उन्हें कुल 9 कॉल इनकमिंग आए थे।
रिया के जाने के बाद सुशांत की बहन आ गई थीं
8 जून को हुए झगड़े के बाद रिया सुशांत का घर छोड़कर चली गई थीं और इसी दिन सुशांत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान ने खुदकुशी भी की थी। रिया के वहां से जाने के बाद सुशांत की बड़ी बहन मीतू उनके घर पर आ गई थीं, वे 12 जून तक रही थीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/33xZcec
Comments