14 जून को दिन में 11-12 बजे के बीच हुई थी सुशांत की मौत, हॉस्पिटल की ओर से जारी की गई सप्लीमेंट्री पोस्टमार्टम रिपोर्ट
सुशांत की पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का समय नहीं लिखने की बात सामने आने के बाद अब मुंबई के कूपर हॉस्पिटल की ओर से सप्लीमेंट्री पोस्टमार्टम रिपोर्ट जारी की गई। इसमें कहा गया है कि सुशांत की मौत पोस्टमार्टम शुरू होने के 10-12 घंटे पहले हुई थी। सुशांत का पोस्टमार्टम 14 जून की रात 11 से 12.30 के बीच हुआ था। यानी इस हिसाब से अभिनेता की मौत दिन में 11 से 12 बजे के बीच हुई थी।
पहली रिपोर्ट में समय नहीं लिखने का कारण नहीं बताया
इससे पहले सामने आई 7 पन्नों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का समय नहीं लिखा था। हॉस्पिटल की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि आखिर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का समय पहले क्यों नहीं दिया था। सुशांत का पोस्टमार्टम करने वाले 5 डॉक्टरों की टीम से मुंबई पुलिस और सीबीआई दोनों की टीमें पूछताछ कर चुकी हैं।
सुशांत के पिता के वकील ने खड़े किए थे सवाल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का समय नहीं देने पर सुशांत के पिता के वकील विकास सिंह ने सवाल खड़े किए थे। सिंह ने कहा था- जिन बातों का मौत के वक्त जिक्र किया गया था, उनकी डिटेल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्यों नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का वक्त तक नहीं बताया गया। आखिर, ऐसा क्यों किया गया?
विकास सिंह ने उठाए थे यह सवाल:
- दिशा सालियान का पोस्टमार्टम दो दिन बाद हुआ था। सुशांत के पोस्टमार्टम में जल्दबाजी क्यों की गई?
- सुशांत के गले पर बने निशान और कपड़े में अंतर क्यों है?
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के वक्त का जिक्र क्यों नहीं है?
- आमतौर पर शाम ढलने के बाद पोस्टमार्टम नहीं होता लेकिन रात में पोस्टमार्टम क्यों हुआ?
सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुख्य प्वाइंट्स
- शरीर पर चोट के निशान नहीं दिखाई दिए।
- गले और सिर के आसपास कोई हड्डी टूटी हुई नहीं थी।
- डेड बॉडी का कोरोना टेस्ट भी नहीं किया गया था।
- अभिनेता की गर्दन की गोलाई (परिधि) 49.5 सेंटीमीटर थी।
- सुशांत के गले के नीचे 33 सेंटीमीटर का लंबा 'लिगेचर मार्क' मिला था।
- रस्सी का निशान ठुड्डी से 8 सेंटीमीटर नीचे था।
- गले के दाहिनी तरफ निशान की मोटाई 1 सेंटीमीटर थी।
- गले की बांई तरफ निशान की मोटाई 3.5 सेंटीमीटर थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच करेगी एम्स की टीम
एम्स ने सुशांत की फाइल की जांच के लिए पांच एक्सपर्ट्स का पैनल बनाया है। सीबीआई ने सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर एम्स से राय देने को कहा था। एम्स के फॉरेंसिंक हेड डॉ. सुधीर गुप्ता इस टीम को लीड करेंगे। उन्होंने बताया, ''हम हत्या की आशंका के अलावा भी सभी एंगल से जांच करेंगे।"
गुप्ता ने आगे कहा,“ डेड बॉडी पर जो निशान मिले हैं, उनका उनका सबूतों से मिलान किया जाएगा। विसरा सुरक्षित है। इसकी जांच की जाएगी। डिप्रेशन दूर करने के लिए सुशांत को जो दवाएं दी जा रहीं थीं, उनका भी लैब टेस्ट किया जाएगा।"
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hpXVtR
Comments