डायरेक्टर रूमी जाफरी पूछताछ के लिए ईडी ऑफिस पहुंचे, सुशांत के साथ बनाने वाले थे फिल्म; दिया था 15 करोड़ का ऑफर
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के संबंध में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फिल्मकार रूमी जाफरी को पूछताछ के लिए तलब किया था। इसी कड़ी में वे पूछताछ के लिए सुबह 11.30 बजे ईडी ऑफिस पहुंचे।
ईडी से पहले मुबंई पुलिस भी रूमी जाफरी से सवाल-जवाब कर चुकी है। पुलिस को दिए बयान में रूमी ने बताया था- सुशांत के साथ हम एक फिल्म करने जा रहे थे। उसको 15 करोड़ ऑफर किए गए थे। लॉकडाउन के बाद काम शुरू करना था।
रूमी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि सुशांत ने मौत से दो दिन पहले 12 जून को उनसे फोन पर बात की थी। अभिनेता ने उन्हें अपने डिप्रेशन के बारे में बताया था और कहा था कि वे इंडस्ट्री छोड़ना चाहते हैं।
सुशांत के साथ फिल्म बनाने वाले थे रूमी
जाफरी वही फिल्म डायरेक्टर हैं जो सुशांत सिंह राजपूत के साथ एक फिल्म बनाने जा रहे थे। बताया गया था कि लॉकडाउन के बाद सुशांत इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने जा रहे थे। फिल्म के लिए सुशांत को 15 करोड़ रुपये तक ऑफर किए गए थे।
रूमी जाफरी का ये बयान काफी अहम माना जा रहा है। ईडी इस बात की तफ्तीश करना चाहती है कि क्या सुशांत को 15 करोड़ रुपये दे दिए गए थे या फिर देने बाकी थे। रूमी से और भी कई तरह के सवाल पूछे जा सकते हैं। ईडी ने रूमी जाफरी को समन भेज दिया है। ऐसे में सभी को इंतजार है कि क्या ईडी इस पूछताछ के जरिए कुछ अहम सुराग इकट्ठा कर सकती है या नहीं।
सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल थे रूमी
रूमी सुशांत के करीबी दोस्तों में शामिल थे। अभिनेता के निधन के बाद उन्होंने खुलासा किया था कि वे सुशांत और रिया चक्रवर्ती के साथ एक फिल्म प्लान कर रहे थे। रूमी ने यह भी कहा था कि मौत से कुछ दिन पहले ही उन्होंने सुशांत से फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर चर्चा की थी। उनकी मानें तो दोनों के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग थी।
बताया जाता है कि रूमी सुशांत और उनकी गर्लफ्रेंड रिया के साथ अपनी फिल्म पर अप्रैल में काम शुरू करने वाले थे। हालांकि, लॉकडाउन के चलते ऐसा नहीं हो पाया। इसके बाद उन्होंने प्लान किया था कि जैसे ही देश के हालात बेहतर होंगे वे अपनी फिल्म शुरू कर देंगे।
सुशांत के पास काम न होने के दावों पर भड़क गए थे रूमी
14 जून को सुशांत ने मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी थी। इसके बाद कई तरह के कयास लगाए गए। यह तक कहा गया कि सुशांत के पास काम नहीं था, जिसके चलते वे डिप्रेशन में चले गए थे। इन खबरों को लेकर रूमी जाफरी भड़क गए थे।
उन्होंने एक बातचीत में भावुक होते हुए कहा था- मैं सिर्फ इसलिए मीडिया से बात करने के लिए आया हूं, क्योंकि उनके जैसे सुपरस्टार को ऐसे पेश किया जा रहा है, जैसे उनके पास कोई काम नहीं था और वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। यह सब पढ़कर मैं बहुत आहत हूं। वे बहुत टैलेंटेड थे। लोग उनके साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। प्लीज उनका और उनकी विरासत का सम्मान कीजिए। वे स्टार थे और रहेंगे, जब तक कि यह इंडस्ट्री है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/325OhWU
Comments