'जुम्मा-चुम्मा' गाने वाले सुदेश भोसले बोले- अमिताभ बच्चन के डर से मैं 17 घंटों में 25 कप चाय पी गया था
सिंगिंग रियलिटी शो सारेगामापा लिटिल चैंप्स के अगले एपिसोड में प्लेबैक सिंगर सुदेश भोसले मेहमान बनकर पहुंचेंगे। जिन्हें अमिताभ बच्चन के अंदाज की मिमिक्री करने के लिए जाना जाता है। शो के दौरान सुदेश ने एक अनसुना किस्सा भी बताया, जो उस समय का है, जब उन्होंने अमिताभ बच्चन के लिए लोकप्रिय गाना ‘जुम्मा चुम्मा’ गाया था।
इस दौरान जब जैद अली ने ‘मेरे नैना सावन भादो’ पर एक खूबसूरत परफॉर्मेंस दी, तो इसके बाद मनीष पॉल ने सुदेश जी से गुजारिश की कि वो मंच पर आकर अपना मशहूर गाना ‘जुम्मा चुम्मा दे दे’ सुनाएं, जो कई पीढ़ियों तक हिट बना रहा। इसके बाद उन्होंने उस समय का वो किस्सा सुनाया, जब वो इस गाने की रिहर्सल कर रहे थे और इसके लिए फाइनल टेक देने की तैयारी में थे।
उस वक्त को याद करते हुए सुदेश भोसले ने कहा, 'जुम्मा-चुम्मा दे दे गाने के फाइनल टेक की रिहर्सल सुबह 9 बजे शुरू हुई थी। उस समय मुझे मंच पर रिकॉर्डिंग करने की आदत नहीं थी, क्योंकि तब मैं नया था। जब हम गाना रिकॉर्ड कर रहे थे, तो अमिताभ बच्चन पास में ही शूटिंग कर रहे थे और ब्रेक के दौरान वे बीच-बीच में आ जाते थे।'
'चूंकि मैं नया था, तो उनकी उपस्थिति से मैं इतना घबराया हुआ था कि मैंने कुछ भी नहीं खाया। मैंने उन 17 घंटों के दौरान 25 कप चाय पी ली थी, जबकि कविता कृष्णमूर्ति लगातार मेरा हौसला बढ़ा रही थीं। आखिरकार रात के 2 बजे इस गाने का फाइनल टेक पूरा हुआ।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2QqYyY0
Comments