करन जौहर के बचाव में उतरे शत्रुघ्न सिन्हा, बोले-'उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है, उन्हें सुशांत की मौत का जिम्मेदार ठहराना गलत'
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद सोशल मीडिया पर चौतरफा घिरे करन जौहर के बचाव में शत्रुघ्न सिन्हा उतरे हैं। करन पर नेपोटिज्म को बढ़ावा देने और आउटसाइडर्स को मौका ना देने के आरोप लग रहे हैं।
करन ने की है कड़ी मेहनत
बॉलीवुड हंगामा को दिए इंटरव्यू में शत्रुघ्न ने कहा, 'सुशांत की मौत के लिए करन को जिम्मेदार ठहराना गलत और निरर्थक है। पहले बात बताइए कि करन किसी का करियर के बनाने और बिगाड़ने वाले कौन होते हैं? मुझे नहीं लगता कि वो खुद को इस तरह से देखते हैं। मुझे नहीं मानता कि कोई किसी के भाग्य को बिगाड़ सकता है। जो किस्मत में लिखा होगा वही होगा। जब मैं पटना से मुंबई आया था तो मेरी जेब में चंद रुपए थे। मैं किसी भी कीमत पर एक्टर बनना चाहता था। मैं कई बार बेइज्जती झेली जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगा।'
शत्रुघ्न आगे बोले, 'मैंने करन के पिता यश जौहर के साथ काम किया था वो बहुत ही दयालु व्यक्ति थे। मेरी बेटी ने करन के साथ काम किया है। करन जिस जगह पर हैं वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है। फिल्मी फैमिली में पैदा होना सक्सेस की गारंटी नहीं होती जिस तरह आउटसाइडर होने पर यह नहीं कहा जा सकता कि आप स्टारडम नहीं हासिल कर सकते और सुशांत बहुत ही सक्सेसफुल स्टार थे।'
उम्दा कलाकार थे सुशांत
सुशांत के लिए शत्रुघ्न ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘मैं उनकी बहुत कद्र करता था और मैं जानता था कि इस लड़के को लोगों का साथ, सहयोग और आशीर्वाद मिलता गया, तब एक दिन यह बहुत बड़ा सितारा बनेगा, उम्दा कलाकार तो था ही। सुंदर व्यक्तित्व, अच्छी छवि और बहुत ही अच्छे इंसान थे।’
कंगना की तारीफ की थी
शत्रुघ्न ने इससे पहले रिपब्लिक टीवी को दिए इंटरव्यू में कंगना रनोट के लिए कहा था, ‘मैंने ज्यादातर लोगों को देखा है कि वे कंगना के खिलाफ बोलते हैं। क्योंकि वे उनसे जलते हैं। हमारी दया के बिना, हमारी मर्जी के बगैर, हमारे ग्रुप्स में शामिल हुए बिना और किसी के भी आशीर्वाद और सहारे के बगैर इस लड़की ने इतना कुछ हासिल कर लिया है कि लोग इसकी सफलता और बहादुरी से जलने लगे हैं।’
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XuqMFn
Comments