सेट पर वाजिद को याद करते हुए साजिद खान हुए भावुक, बोले, "मेरे लिए मेरा भाई मेरी दुनिया था"
सिंगिंग रियलिटी शो 'सारेगामापा लिटिल चैंप्स' के आगामी एपिसोड्स में स्वर्गीय म्युजिक कंपोजर वाजिद खान को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस शो में वाजिद ने ना सिर्फ शो को जज किया था बल्कि कई सालों तक टैलेंट के मेंटर भी बने थे। इस शो में मेहमान बनकर आए उनके भाई साजिद खान ने भी संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद के रूप में अपने सफर के कुछ दिलचस्प किस्से सुनाए।
एक समृद्ध संगीत विरासत वाले परिवार से होने के बावजूद साजिद को हमेशा कुछ अलग करने की जरूरत महसूस होती थी, ताकि वो अपने परिवार के लिए कुछ कमा सकें। एक कंपोजर और एक सिंगर बनने से पहले साजिद खान ने अपना करियर एक ऐसे काम से शुरू किया, जिसमें उन्हें हर महीने तनख्वाह मिलती थी। हालांकि अपने भाई वाजिद खान के प्रति अपने प्यार के चलते वो उनके साथ शामिल हो गए। इसके बाद एक मशहूर संगीतकार जोड़ी के रूप में दोनों भाइयों ने संगीत जगत को कुछ तड़कते-भड़कते और मधुर गाने दिए।
इस सफर को याद करते हुए साजिद भावुक हो गए। उन्होंने बताया, "जहां वाजिद दिल से एक सच्चे संगीतकार थे, जो हर दिन करीब 8 घंटे अपने गिटार पर रियाज करते थे, वहीं मुझे अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी महसूस होती थी और मैंने एक निश्चित वेतन पर एक चैनल के साथ काम करना शुरू कर दिया। दरअसल, इसी वजह से मैंने अपने एक दोस्त के आइसक्रीम स्टॉल में भी काम किया। जब हमें हमारा पहला ब्रेक मिला, तब एक ऐसी घटना हुई जिसमें वाजिद पर झूठा इल्जाम लगाया गया और हम लोग असहज स्थिति में आ गए। उस पल वो मेरे पास मदद मांगने आया और तब मैंने फैसला किया कि मैं उसके साथ मिलकर संगीत के प्रति उसके जुनून को जिऊंगा। मैं कभी अपने भाई से आगे नहीं निकलना चाहता था। मैं सिर्फ उसके लिए काम करता था। मेरे लिए मेरा भाई मेरी दुनिया था और उसकी सफलता पर मुझे अंदर से खुशी मिलती थी।"
1 जून को साजिद वाजिद की जोड़ी टूट गई। वाजिद खान मल्टी ऑर्गन फेलियर के चलते चल बसे जिसके बाद अब सारेगामापा शो में कंटेस्टेंट्स 'तेरे नैना बड़े कातिल' और 'दगाबाज रे' जैसे कुछ परफॉर्मेंस देकर वाजिद को एक दिल छू लेने वाला ट्रिब्यूट देंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/30AL81s
Comments