संजू बाबा के दोस्त कमली यानी परेश घेलानी ने लिखी भावुक पोस्ट, बोले - एक और रोलर कोस्टर राइड के लिए तैयार हो जा, क्योंकि शेर है तू शेर!
संजय दत्त के लंग कैंसर की खबर उनके परिवार के साथ-साथ फैन्स और दोस्तों के लिए भी हैरान करने वाली है। शनिवार को उन्हें एक बार फिर कोकिलाबेन हॉस्पिटल के बाहर देखा गया। हालांकि परिवार ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन अब उनके जिगरी दोस्त कहे जाने वाले परेश घेलानी ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। परेश ने संजू से कहा है - एक और रोलर कोस्टर के लिए तैयार हो जा।
संजय दत्त का हौसला बढ़ाया परेश ने
परेश ने संजय दत्त को टैग करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा- भाई संजू, कल्पना करना मुश्किल है कि कुछ दिन पहले ही हम इस बारे में बात कर रहे थे कि हम आगे की लाइफ कैसे इंजॉय करेंगे। हम बात कर रहे थे कि कैसे हम अब तक साथ चलने, दौड़ने, टहलने, रेंगने और जीवन की यात्रा का आनंद लेते रहे हैं। हम वहीं हैं जहां हमें होना है। मुझे अब भी विश्वास है कि दुआएं हमारे साथ हैं। मैं यह भी जानता हूं कि आगे की यात्रा उतनी ही खूबसूरत और उतनी ही रंगीन होने वाली है, जितनी यह अब तक रही है। ईश्वर हम पर हमेशा ही दयालु रहा है। नकुपेन्दा काका (लव यू मेरे भाई)।
परेश बोले- ये जंग भी तुम जीतोगे
परेश ने एक फोटो भी शेयर किया है जिसमें लिखा है- भाई, हमने सोचा था अम्यूजमेंट पार्क को कवर कर दिया है तो यह अब बंद हो गया होगा। लेकिन मुझे लगता है कि हमने अभी तक उसे बंद नहीं किया था। तो फिर एक और रोलर कोस्टर राइड के लिए कमर कस ले। अब एक और लड़ाई शुरू हो चुकी है। लड़ाई हमें चाहिए और ये लड़ाई भी तुम्हें जीतनी होगी। हम जानते हैं कि तुम बहादुर हो, तुम इसे जीतोगे। शेर है तू शेर, लव यू मेरे भाई।
##बायोपिक में भी थी परेश-संजू की दोस्ती
संजय दत्त की बायोपिक में परेश घेलानी का रोल विकी कौशल ने निभाया था। इसी फिल्म में दोनों की दोस्ती को भी बेहतरीन अंदाज में दिखाया गया था। संजय की लाइफ पर बनी फिल्म संजू का निर्देशन राजकुमार हीरानी ने किया था, जिसमें संजय दत्त का रोल रणबीर कपूर ने किया था। फिल्म 29 जून 2018 को रिलीज हुई थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kMPQ4p
Comments