एक्ट्रेस तृप्ति ने पिता पर लगाए गंभीर आरोप, वीडियो शेयर कर कहा-जबरन शादी कराने पर अड़े पिता करते हैं मारपीट, जान से मारने की दे रहे हैं धमकी
टीवी शो 'कुमकुम भाग्य' में काम कर चुकी एक्ट्रेस तृप्ति शंखधर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपने पिता पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। 19 साल की तृप्ति बरेली से हैं। अभी वह अपने परिवार के साथ बरेली में ही रह रही हैं लेकिन इस बीच पारिवारिक कलह खुलकर सामने आ गई है।
जबरन शादी करवाना चाहते हैं पिता
तृप्ति ने वीडियो में अपने पिता राम रतन शंखधर द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही है। तृप्ति ने वीडियो में कहा, 'मैं अभी केवल 19 साल की हूं लेकिन मेरे पिता जबरन एक 28 साल के लड़के से मेरी शादी करवाना चाहते हैं। पहले उन्होंने मुझे मुंबई में एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में काम करने के लिए भेजा। अब वह मुझसे मारपीट करके शादी करने का दबाव डाल रहे हैं। उन्होंने आज भी मेरे बाल खींचकर मेरे साथ मारपीट की है और कहा है कि अगर मैं शादी नहीं करूंगी तो वो मुझे जान से मार देंगे।'
मां की भी करते हैं पिटाई
तृप्ति ने यह भी बताया है कि उनके पिता उनकी मां, बहनों और भाइयों के साथ भी मारपीट करते हैं। वीडियो में उनकी मां भी पति द्वारा मारपीट किए जाने से परेशान नजर आती हैं। वो कहती हैं, 'जब से शादी करके लाए हैं, एक दिन चैन से नहीं रह पाई। वो मेरे साथ रोज मारपीट करते हैं।' तृप्ति के पिता का बरेली में रियल स्टेट का बिजनेस है।
पिता के साथ नहीं रहना चाहतीं तृप्ति
तृप्ति ने इस मामले पर स्पॉटबॉय वेबसाइट से बातचीत में कहा, 'मैं अभी पुलिस स्टेशन में हूं, मेरे पिता राम रतन शंखधर भी यहीं हैं। मैंने पुलिस में शिकायत की थी जिसके बाद पुलिस उन्हें थाने लेकर आई है। मैं कोई क़ानूनी प्रक्रिया नहीं चाहती और ना ही चाहती हूं कि पिता को जेल हो। मैं बस कोई बीच का रास्ता चाहती हूं क्योंकि मैं, मेरी मम्मी, भाई और बहनें अब अपने पिता के साथ नहीं रहना चाहते।'
तृप्ति ने कुमकुम भाग्य के अलावा एक साउथ की फिल्म में भी काम किया है। साथ ही वह राजकुमार राव और कंगना रनोट की फिल्म 'जजमेंटल है क्या' में भी नजर आई थीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3gx24e0
Comments