TRP मामा के रूप में फेमस परितोष त्रिपाठी बोले- मर्यादा में रहते हुए मिमिक्री करके लोगों को हंसाना बेहद मुश्किल है
अभिनेता-लेखक परितोष त्रिपाठी जल्द ही टेलीविजन पर मिमिक्री करते नजर आएंगे। हाल ही में उन्होंने अपने अपकमिंग शो 'गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान' को लेकर दैनिक भास्कर के साथ खास बातचीत के दौरान कई बातें शेयर कीं।
सवाल- शो में अपने किरदार के बारे में बताइये?
परितोष- 'इस शो में मैं लोगो की नकल करते हुए दिखाई दूंगा। कभी दर्शकों को सिंघम बनकर हंसाऊंगा तो कभी सुपर-30 के ऋतिक रोशन के किरदार में दिखाई दूंगा। यह एक टीम कॉमेडी शो है। अभी तक मैंने इस तरह का कोई शो नहीं किया था और शायद यही कारण है कि मैंने इसके लिए हां कह दी। इसमें सुनील ग्रोवर, शिल्पा शिंदे, सुगंधा मिश्रा, उपासना सिंह, सिद्धार्थ सागर, संकेत भोसले, जीतेन्द्र सूरी सभी अपनी कॉमेडी का तड़का लगाएंगे। इस कोरोना काल में इस तरह के कॉमेडी शो की जरूरत थी क्योंकि जब मैं घर पर था तो मेरी मां और अन्य लोग टीवी ऑन करने पर बोलते थे कि कोई कॉमेडी शो नहीं आ रहा है टीवी बंद कर दो।
सवाल- आपको किसी और की मिमिक्री करना कितना सरल लगता है?
परितोष- 'हमें बचपन से सिखाया जाता है कि किसी और की नकल करो। जब हम छोटे होते हैं तो लोग बोलते हैं मौसी की नकल करो, पापा या मम्मी की नकल करो या दादा जी कैसे बोलते हैं बोलकर दिखाओ, तो मिमिक्री करना हमें बचपन से सीखा दिया जाता है। जैसा कि मैंने कहा कि इस शो में मैं बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, अजय देवगन, ऋतिक रोशन जैसे लोगो के किरदारों की मिमक्री करूंगा जो कि मैंने पहले कभी नहीं की है। एक मर्यादा में रहते हुए मिमिक्री करके लोगों को हंसाना बहुत मुश्किल है, मगर इस काम में मैं सक्षम रहा हूं।'
सवाल- दूसरे चैनल पर भी कॉमेडी शो आ रहे हैं, उससे क्या आपका शो प्रतियोगिता करेगा?
परितोष- 'यह कॉमेडी शो है जो सोमवार से शुक्रवार प्रसारित होगा और अन्य दूसरे शो वीकेंड पर आते है तो मुझे नहीं लगता कोई प्रतिद्वंदी है। वैसे मैं अपना काम बेहतर करने में विश्वास करता हूं बाकी दर्शकों पर निर्भर करता है। अगर अभिनय करते समय हम इतना सोचेंगे तो अपना 100 प्रतिशत काम नहीं कर पाएंगे। जब मैं सेट पर होता हूं तो पूरी तरह से किरदार में रहता हूं। घर आते ही किरदार को सेट पर छोड़कर आ जाता हूं। मेरे अभिनय की शुरुआत रंगमंच से हुई है वहां ये बहुत अच्छी तरह से सिखाया जाता है कि अपने आपको कैसे किरदार से स्विच ऑन करो और कैसे ऑफ करो।'
सवाल- कोरोना के इस में समय आप शूटिंग के दौरान किस तरह अपना बचाव कर रहे हैं?
परितोष- 'सेट पर पूरी तरह से सामाजिक दूरी बना कर रखते हैं और मास्क और सेनेटाइजर से हाथ धोते रहते हैं। रिहर्सल के समय हम स्क्रिप्ट को पेपर की जगह वॉट्सअप और वीडियो कॉल पर लेते हैं। सभी प्रकार की सावधानियों को बनाते हुए शूटिंग कर रहे हैं। दिक्कत तो हो रही है मगर इतने दिनों से सावधानी बनाते हुए अब आदत हो गई है, जो कि हम सबके लिए बहुत अच्छा है।'
सवाल- कोरोना लॉकडाउन में आपने समय कैसे बिताया?
परितोष- 'पूरे लॉकडाउन मुझसे जितना हो सका मैंने दूसरों की मदद की और मैं अपने घर उत्तर प्रदेश भी गया। वहां सभी घरेलू काम किए खेती से लेकर खाना बनाना सब कुछ। इस कोरोना ने छोटे और बड़े का भेद मिटा दिया और सभी को अपना काम स्वयं करने पर मजबूर कर दिया। मेरे ख्याल से यही अच्छी बात है कि हम सभी को अपना काम पता होना चाहिए। डांस, अभिनय, लेखन किया और धार्मिक काम भी किए, पेड़-पौधे भी लगाए।'
सवाल- इन दिनों चारों तरफ नेपोटिज्म और ग्रुपिज्म की बात हो रही है इस पर आपकी राय?
परितोष- 'देखिये मैं भी छोटे से शहर और ऐसे परिवार से आया हूं जहा कोई इस क्षेत्र में नहीं था। नेपोटिस्म और ग्रुपिज्म हर क्षेत्र में होता है जो कि गलत है। मगर अगर आपको अपना काम 100 प्रतिशत दिल से और अच्छा करना आता है तो आपको थोड़ा समय लगेगा मगर मंजिल जरूर मिलेगी। हमें अपने आप पर विश्वास रखना चाहिए।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YOYzcS
Comments