सर्जरी के 13 दिन बाद घनश्याम नायक उर्फ नट्टू काका हुए अस्पताल से डिस्चार्ज, कैंसर होने की बात पर बेटे विकास ने दिया ये जवाब
पॉपुलर टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में नट्टू काका का किरदार निभाने वाले अभिनेता घनश्याम नायक तकरीबन दो हफ्तों के बाद अस्पताल से आज (15 सितम्बर) डिस्चार्ज हो रहे हैं। 76 वर्ष के घनश्याम पिछले दो महीने से अपने गले का दर्द सह रहे थे और जब कुछ दिनों पहले डॉक्टर ने उनकी रिपोर्ट्स निकलवाई तब उनके गले में 8 गांठें होने की बात सामने आई। हाल ही में उनका गले का ऑपरेशन करके ये 8 गांठें निकाली गई हैं जिसके बाद उन्हें अब घर भेजा जा रहा है।
ये साल पूरे परिवार के लिए मुश्किल भरा रहा हैः
दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान घनश्याम के बेटे विकास नायक ने बताया, "ये साल हमारी फैमिली के लिए थोड़ा मुश्किल भरा रहा है। साल की शुरूआत में (फरवरी महीने में) मेरी मां को एडमिट किया गया था। वे तकरीबन 10 दिनों तक अस्पताल में एडमिट थीं। कुछ समय बाद मई महीने में मैं कोरोना संक्रमित हो गया था, मैं भी तकरीबन 10 दिन तक अस्पताल में एडमिट हुआ था। कोरोना से जंग तो जीत गया हालांकि कुछ महीने बाद पापा की बीमारी का पता चला। उनके गले की बड़ी सर्जरी करवानी पड़ी। ये एक मुश्किल भरी स्थिति है लेकिन हमारे पापा ने हमें बचपन से ही सिखाया है कि मुश्किल घड़ी का सामना हंसकर करना चाहिए, हम वही कर रहे हैं। हमें उम्मीद है इस आफत से जल्दी बाहर आ जाएंगे।
आज होंगे अस्पताल से डिस्चार्ज:
घनश्याम नायक को अब अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया हैं। इस बारे में विकास बताते हैं, "जी हां, आज ही उन्हें डिस्चार्ज किया गया है हालांकि उनका ट्रीटमेंट अभी खत्म नहीं हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक उनका ट्रीटमेंट अभी कुछ महीने और चलेगा जिसके लिए हम आगे कुछ महीने अस्पताल आते रहेंगे।"
कैंसर का डर जरूर था लेकिन अब ये डर निकल गया हैं:
हाल ही में विकास ने अपने एक सोशल पोस्ट के जरिए अपने पिता के गले में मैलिग्नेंट या बिनाइन गांठ (मेडिकल टर्म में कैंसर) होने की बात लिखी थी। पोस्ट में उन्होंने इसका ट्रीटमेंट होने का जिक्र भी किया था। बता दें, घनश्याम नायक की सर्जरी मुंबई के एक जाने-माने ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर सर्जन) ने किया हैं। इसपर जब हमने विकास से पूछा तो वे बोले, "देखिए फिलहाल इस पर किसी भी तरह का कमेंट करना बहुत जल्दबाजी होगी। मैं नहीं चाहता कि ये इन्फॉर्मेशन पब्लिक प्लेटफार्म पर आए। हां, जिसका हमें डर था वो उनके गले से निकाल दिया गया है, उनके फॉलोअप ट्रीटमेंट में भी हमें सिर्फ इस बात का ध्यान रखना हैं कि वो बीमारी फिर नहीं आए। जी हां, कैंसर का डर जरूर था लेकिन अब ये डर निकल गया है। आगे उनका बहुत ध्यान देना होगा।"
वे शूटिंग करने के लिए बहुत उत्साहित हैं:
बातों-ही-बातों में विकास ने बताया की घनश्याम नायक फिर से शूट पर जाने के लिए बहुत उत्साहित हैं। विकास ने बताया, "पापा अपने फैसले खुद लेते हैं और हम कभी उन्हें कुछ भी करने से नहीं रोकते। हम सभी जानते हैं कि वे शूटिंग करने के लिए बहुत उत्साहित हैं और सब कुछ सही रहा तो अगले महीने (अक्टूबर) तक वे शूटिंग करना शुरू कर देंगे।"
विकास की बात करें तो वे एक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी कंपनी में बतौर सीनियर मैनेजर काम करते हैं। साथ ही वे बतौर लेखक भी पिछले 20 सालों से अपने कॉलम लिखते आ रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2FtML9u
Comments