सुशांत मामले का जल्द समापन होते देखना चाहते हैं पवित्र रिश्ता में उनकी जगह लेने वाले हितेन तेजवानी, कहा- 'हम उसकी आत्मा को शांति नहीं दे रहे'
सुशांत सिंह राजपूत ने टेलीविजन शो 'पवित्र रिश्ता' से फेम हासिल किया था। इस शो में उन्होंने मानव का किरदार निभाया था मगर अपने फिल्मी करियर के लिए उन्होंने साल 2011 में इसे छोड़ा था। सुशांत के बाद हितेन तेजवानी ने शो में मानव का किरदार निभाकर अपनी जगह बनाई थी। अब सुशांत की मौत के तीन महीने बाद हितेन ने उनके केस को खत्म करने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि जब तक केस चलता रहेगा तब तक सुशांत की आत्मा को शांति नहीं मिलेगी।
14 जून को हुई सुशांत की मौत को अब तीन महीने गुजर चुके हैं। एक्टर के परिवार और फैंस को लंबे समय से न्याय का इंतजार है मगर सीबीआई की जांच में अब तक कुछ सामने नहीं आ सका है। ऐसे में हितेन तेजवानी ने इस मामले पर अपने विचार सामने रखे हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में एक्टर ने कहा, 'हम सुशांत सिंह केस का क्लोजर (समापन) चाहते हैं। जिंदगी आगे बढ़ती रहती है और हमारे पास याद करने के लिए कुछ यादें ही होती हैं। लेकिन इस केस में जो भी अव्यवस्था हो रही है उससे हम उसे शांति से नहीं रहने देंगे। इसलिए इस केस का अंत होना जरूरी है'।
ड्रग एंगल निकलते ही सुशांत से हट गया ध्यान
सीबीआई की जांच के दौरान सुशांत केस में ड्रग का एंगल सामने आया था जिसके बाद से ही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इस केस की तह खोल रहा है। रिया और उनके भाई शौविक के बाद 26 सितम्बर को एनसीबी ने श्रद्धा कपूर, दीपिका पादुकोण और सारा अली खान से पूछताछ की थी। मामले में ड्रग एंगल सामने आते ही सुशांत केस ठंडा पड़ते जा रहा है जिसपर फैंस ने भी नाराजगी जताई है।
सुशांत पर उठने लगीं उंगलियां
एनसीबी की पूछताछ में रिया चक्रवर्ती के बाद श्रद्धा कपूर और सारा अली खान ने भी सुशांत के ड्रग एडिक्ट होने की बात कबूल की है। ऐसे में पूरा मामला सुशांत के खिलाफ होता जा रहा है। रिया पर आरोप थे कि उन्होंने जानबूझ कर सुशांत को ड्रग की तरफ आकर्षित किया था हालांकि उनकी को- एक्ट्रेस के बयान से साफ हो रहा है कि सुशांत रिया के आने से पहले भी ड्रग लेते थे।
ट्विटर पर ट्रेंड हुआ सुशांत अर्थ डे
सुशांत की मौत के बाद उनकी बहन श्वेता सिंह ने नई मुहिम शुरू की है। कभी सुशांत के नाम से जरूरतमंद को खाना खिलाना तो कभी प्लांट फॉर सुशांत। फैंस भी उनकी मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। अब 27 सितम्बर को हैशटैग सुशांत अर्थ दे ट्विटर पर ट्रेंड हो रहा है। इसमें हिस्सा लेने वाले सभी फैंस ने 27 सितम्बर को 15 मिनट लाइट बंद करके दिया या मोमबत्ती जलाई है। ये भी सुशांत की 50 विश लिस्ट का हिस्सा था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cHUOMk
Comments