कोरोना पॉजिटिव राजेश्वरी सचदेव ने होम क्वारैंटाइन होकर घर से ही की 'शादी मुबारक' शो की शूटिंग, एपिसोड देखकर संक्रमित होने का अंदाजा लगाना मुश्किल
राजेश्वरी सचदेव इन दिनों टेलीविजन शो शादी मुबारक में कुसुम का किरदार निभा रही हैं। एक्ट्रेस को खुद में कुछ लक्षण नजर आए थे जिसके बाद उन्होंने अपना कोविड टेस्ट करवाया था। एक्ट्रेस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एक हफ्ते पहले होम क्वारैंटाइन हुई थीं। राजेश्वरी के पॉजिटिव होने के चलते कुछ दिनों के लिए शो की शूटिंग रोकी गई थी। जिस समय एक्ट्रेस संक्रमित हुईं उससे कुछ दिनों पहले भी उनके सीन नहीं थे जिसके कारण वो सेट से दूर थीं मगर अब उन्होंने घर से ही जरूरी सीन शूट करना शुरू कर दिया है।
हाल ही में प्रसारित हुए शादी मुबारक शो के नए एपिसोड में एक सीन दिखाया गया है जिसमें शो की मुख्य किरदार राजश्री, राजेश्वरी उर्फ कुसुम से वीडियो कॉल के जरिए बातचीत करते नजर आ रही हैं। वीडियो कॉल में नजर आ रहीं राजेश्वरी के सीन सेट पर नहीं बल्कि खुद उनके घर पर ही शूट किए गए हैं। इस सीन के लिए एक्ट्रेस ने खुद अपना मेकअप कर रिकॉर्डिंग भी की है। प्रसारित हुए सीन में राजेश्वरी मुस्कुराते हुए राजश्री को सलाह दे रही हैं, उन्हें देखकर अंदाजा लगा पाना भी बेहद मुश्किल है कि वो कोरोना संक्रमित हैं।
कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एक्ट्रेस ने भास्कर से बातचीत में कन्फर्म करते हुए कहा,"जी हां, ये सच है। मैंने खुद को होम क्वारैंटाइन कर दिया और बीएमसी (बृहन मुंबई म्युनिसिपल कार्पोरेशन) के अधिकारी घर पर सैनिटाइजेशन के लिए भी आए थे। कुछ लक्षण दिखने के बाद मैंने अपना चेकअप करवाया जिसके बाद मेरी रिपोर्ट्स पॉजिटिव आई हैं। मैं डॉक्टर की निगरानी मैं हूं और सब कुछ ठीक है।"
होम क्वारैंटाइन हुए थे पति वरुण बडोला
राजेश्वरी के संक्रमित होने के बाद उनके पति वरुण बडोला ने सावधानी रखते हुए खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया था। एक्टर इन दिनों मेरे डैड की दुल्हन शो का हिस्सा हैं जिसकी शूटिंग कुछ दिनों के लिए रोक दी गई थी। कुछ दिनों के ब्रेक के बाद वरुण सेट पर लौटने के लिए तैयार थे जिसके चलते मेकर्स ने तैयारियां शुरू कर दी थीं मगर इसी बीच लीड एक्ट्रेस श्वेता तिवारी कोरोना संक्रमित हो गई हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GeTqEt
Comments