टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माता हुए कोरोना वायरस के शिकार, 'गुड़िया हमारी सब पे भारी' के लीड एक्टर करम राजपाल की रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव
पॉपुलर टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' के निर्माता संजय कोहली और सीरियल 'गुड़िया हमारी सब पे भारी' के लीड एक्टर करम राजपाल भी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें से संजय की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उन्होंने खुद को होम-क्वारैंटाइन कर लिया। वहीं करम को शुक्रवार को अपने पॉजिटिव होने का पता चला।
इस बारे में बताते हुए संजय ने कहा, 'जी हां, मेरी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिसके बाद मैंने अधिकारियों को सूचित कर दिया। मैंने डॉक्टरों और अधिकारियों की सलाह के बाद खुद को होम क्वारैंटाइन कर दिया है। मैं अनुरोध करता हूं कि पिछले कुछ दिनों में जो लोग भी मेरे करीब थे वे कृपया अपनी जांच करा लें। इन कोशिशों में हमारा साथ देने के लिए आपका धन्यवाद। मैं पूरी मानवता के लिए इस वायरस को जल्द से जल्द दूर करने की प्रार्थना करता हूं।'
बता दें कि संजय टीवी शो 'भाबीजी घर पर हैं' के अलावा 'हप्पू की उल्टन पलटन' के निर्माता भी हैं। वे सुरक्षा और एहतियाती उपायों की जांच करने के लिए नियमित रूप से सेट का दौरा करते रहते हैं।
शो से ब्रेक लेकर आराम कर रहे थे करम
उधर 'गुड़िया हमारी सब पे भारी' में गुड्डू का किरदार निभा रहे एक्टर करम राजपाल के बारे में खबर है कि पिछले सोमवार को उन्हें सर्दी और बुखार की शिकायत हुई थी, जिसके बाद से ही वे शूटिंग से ब्रेक लेकर आराम कर रहे थे। इसी बीच डॉक्टर की सलाह पर उन्होंने कोरोना टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजिटिव आई।
इसी बीच शो से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि 'सेट को सैनिटाइज कराने से लेकर कई बार सभी क्रू मेंबर्स के तापमान की जांच करने तक सभी तरह के सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है। हालांकि इसके बाद भी कोई सदस्य कोरोना पॉजिटिव हो रहा है तो इसे दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा।'
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jTD7vr
Comments