वाइफ राजेश्वरी सचदेव के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद वरुण बडोला ने टेस्ट रिपोर्ट आने तक लिया शो से ब्रेक, बच्चों को ननिहाल भेजकर हुए क्वारैंटाइन
टेलीविजन शो मेरे डेड की दुल्हन शो में वरुण बडोला और श्वेता तिवारी लीड रोल निभा रहे हैं। शो के मौजूदा प्लॉट में दोनों की शादी दिखाई जा रही है। लेकिन इसी बीच वरुण ने सावधानी बरतते हुए शूटिंग से ब्रेक लिया है। वरुण की पत्नी राजेश्वरी सचदेव की कोरोना रिपोर्ट गुरुवार को पॉजिटिव आई है जिसके बाद उन्होंने अपना कोविड 19 टेस्ट करवाया। फिलहाल रिपोर्ट आने तक वो खुद भी क्वारैंटाइन हैं।
शूटिंग से ब्रेक लेने पर वरुण ने एंटरटेनमेंट टाइम्स से बातचीत में कहा, 'देखिए, आपको नहीं पता कि ये वायरस कहां से आया है और कैसे आता है। तो क्यों ना हम थोड़े जिम्मेदार बनें अगर वाकई हमें इससे लड़ना और जीतना है तो। ये सिर्फ तब ही हो पाएगा जब हर इंसान दूसरों के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझेगा। फिलहाल में अपनी टेस्ट रिपोर्ट का इंतजार कर रहा हूं'।
घर के एक कमरे में क्वारैंटाइन हैं राजेश्वरी
वरुण ने वाइफ राजेश्वरी के होम क्वारैंटाइन होने पर कहा, 'वो एक कमरे में है। हम सिर्फ फोन के जरिए बातचीत करते हैं। घर के दरवाजे काफी मोटे हैं ऐसे में आवाज नहीं जाती तो मैं नहीं चाहता कि वो चिल्लाए और उसे तकलीफ हो। वैसे भी वो कोविड 19 के चलते थोड़ी कमजोर हो चुकी है'।
एक्टर ने आगे बताया कि उनकी वाइफ राजेश्वरी को पिछले 5 दिनों से सर्दी थी जिसके बाद वो खुद चार दिनों पहले क्वारैंटाइन हुई थीं। दो दिन पहले उनका टेस्ट हुआ जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक्टर के घर में बुजुर्ग माता पिता और छोटे बच्चे हैं। उनका परिवार ड्यूप्लेक्स में रहता है मगर इसके बावजूद लोगों को डर रहता है। उन्होंने अपने बेटे को चार दिन पहले ही राजेश्वरी के माता पिता के पास भेज दिया है।
राजेश्वरी इन दिनों शादी मुबारक शो का हिस्सा हैं। उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शो की शूटिंग कुछ दिनों के लिए रोक दी गई थी जिसके बाद 17 सितम्बर से शूटिंग दोबारा शुरू हुई है। राजेश्वरी की रिपोर्ट आने के बाद वरुण ने भी गुरुवार को टेस्ट करवाया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35KU1bN
Comments