टीवी एक्ट्रेस दिव्या के सिर से उठा पिता का साया, एक महीने तक कोविड-19 से जंग लड़ने के बाद हुआ निधन, सेलेब्स ने जताया शोक
टीवी एक्ट्रेस और वीजे दिव्या अग्रवाल के पिता संजय अग्रवाल का बुधवार को कोरोनावायरस के संक्रमण के चलते निधन हो गया। दिव्या ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर देते हुए पिता के लिए इमोशनल नोट लिखा और साथ ही एक तस्वीर भी शेयर की। दिव्या ने लिखा, आप मेरे साथ हमेशा हैं। आई लव यू पापा। रेस्ट इन पीस।
दिव्या के पिता कुछ हफ्तों से मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे। उनकी हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती ही जा रही थी। वह दिल की बीमारियों से भी जूझ रहे थे और तकरीबन एक महीने तक कोरोना से लड़ने के बाद आखिरकार बुधवार को उनका निधन हो गया। दिव्या अक्सर सोशल मीडिया पर फैन्स से पिता के लिए दुआ करने की बात कहती थीं। कुछ समय पहले उन्होंने बताया था कि सबसे पहले उनके भाई प्रिंस को कोरोना हुआ था और फिर उनके माता-पिता इससे संक्रमित हो गए।
सेलेब्स ने जताया शोक
दिव्या के पिता की कोरोना से जंग हारने की खबर पर एक्ट्रेस के ब्वॉयफ्रेंड वरुण सूद ने भी शोक जताया है। वहीं, नेहा धूपिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, दिव्या आपकी इस अपूरणीय क्षति के लिए मुझे बेहद खेद है। आपको हमेशा प्यार, मजबूत बने रहिए। इसके अलावा अली गोनी, आर्य बब्बर, निवेदिता बसु जैसे सेलेब्स ने भी दिव्या के पिता को श्रद्धांजलि दी।
स्प्लिट्सविला से मिली पहचान
दिव्या 2015 में मिस नवी मुंबई चुनी गई थीं। उन्होंने एमटीवी स्प्लिट्सविला से अपना टेलीविजन डेब्यू किया था। इस शो के जरिए उन्हें काफी पहचान मिली थी क्योंकि वो शो की रनर अप चुनी गई थीं। दिव्या इस दौरान शो के विनर प्रियांक शर्मा को डेट करने के चलते भी सुर्खियों में आई थीं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3e1LhjR
Comments