'इश्कबाज' एक्ट्रेस नीति टेलर ने अगस्त में की परिक्षित बावा से सीक्रेट वेडिंग, बोलीं- 'हम सगाई करने वाले थे लेकिन कोविड 19 की स्थिति देखकर सीधे शादी कर ली'
इश्कबाज एक्ट्रेस नीति टेलर ने अगस्त में अपने ब्वॉयफ्रेंड परीक्षित बावा से शादी कर ली है। ये एक सीक्रेट वेडिंग थी जिसमें परिवार के कुछ करीबी सदस्य ही शामिल हुए थे। एक्ट्रेस पहले अक्टूबर के आखिर में शादी करने वाली थीं लेकिन मौजूदा हालात देखते हुए उन्होंने अपनी सगाई के दिन ही शादी करना बेहतर समझा। अब शादी के दो महीने बाद एक्ट्रेस ने अपने खास दिन के बारे में खुलकर बात की है।
नीति ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने 13 अगस्त को परीक्षित बावा से शादी की है। शादी के लिए पहले अक्टूबर को चुना गया था मगर कोविड 19 की स्थिति में कोई बेहतरी नजर नहीं आने पर दोनों ने इसे आगे बढ़ाना ठीक नहीं समझा। दोनों पहले 13 अगस्त को महज सगाई करने वाले थे मगर बाद में इसी दिन उन्होंने शादी कर ली। नीति के पति परीक्षित इंडियन आर्मी के ऑफिसर हैं।
नीति बताती हैं कि उनकी शादी में महज कुछ करीबी रिश्तेदार ही शामिल थे। वेडिंग सेरेमनी गुरुग्राम के एक गुरुद्वारे में हुई थी। एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी शादी इतनी जल्दबाजी में हुई कि उनकी दोनों बहनें भी इसमें शामिल नहीं हो सकीं। लेकिन जब महामारी खत्म हो जाएगी तो सब साथ में ग्रैंड सेलिब्रेशन करेंगे।
महज एक हफ्ते में की शादी की तैयारियां
नीति ने बातचीत में आगे बताया, 13 अगस्त को शादी करने का फैसला 6 अगस्त को लिया गया था। इससे मुझे अपने बड़े दिन की तैयारी करने के लिए महज 1 हफ्ता मिला था। हमारे अन्य परिवार वाले, दोस्त और कुछ करीबी वर्चुअली इस शादी का हिस्सा बने थे।
ग्रैंड सेलिब्रेशन के बाद करेंगे हनीमून की प्लानिंग
अपनी हनीमून पर जाने की बात पर नीति ने बताया कि वो हनीमून पर जरूर जाएंगे मगर सिर्फ तब जब सब नॉर्मल हो जाएगा। और सिर्फ तब जब वो सब लोगों के साथ शादी का सेलिब्रेशन कर लेंगी।
नीति ने अगस्त में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से खूबसूरत दुल्हन के अवतार में भी तस्वीरें शेयर की थीं। तस्वीरों में एक्ट्रेस ने शादी की बात खुलकर नहीं लिखी थी जिससे हर किसी को लगा कि ये महज किसी फोटोशूट की तस्वीरें हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jNG8y1
Comments