50 लाख रुपए जीतने वाली फूलबासन गरीबी से परेशान होकर करना चाहती थीं आत्महत्या, आज 2 लाख महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर
टेलीविजन गेम रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति 12 के कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में फूलबासन यादव हॉटसीट पर बैठी थीं। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की रहने वाली फूलबासन मां बमलेश्वरी जनहितकारी समिति की संस्थापक हैं जो अब तक करीब 2 लाख महिलाओं को सहारा बनकर उन्हें आत्मनिर्भर बना चुकी हैं। पद्मश्री सम्मानित फूलबासन का साथ देने शो में बॉलीवुड एक्ट्रेस रेणुका शहाणे भी आई थीं। शो में अमिताभ बच्चन से फूलबासन ने अपने जिंदगी के संघर्ष की कहानी सुनाते हुए बताया कि वो एक समय इतनी गरीब थीं कि वो मरने का फैसला कर चुकी थीं।
गरीबों को कोई नहीं होताः फूलबासन
शो में बतौर मेहमान आईं फूलबासन से बिग बी ने उनकी प्रेरणा के बारे में पूछा तो जवाब मिला, 'मैं बचपन से सोचती थी कि गरीब क्यों होता है, क्योंकि मैंने बहुत नजदीक से गरीबी देखी है। मैं जब सात साल की थी तो हम झोपड़ी में रहते थे और मैं होटल में बर्तन धोती थी। मैंने तीन दिनों तक लगातार अपने मां-बाप को रोते हुए देखा क्योंकि हमारे घर में खाने को नहीं था। हम तीन बहने, दो भाई थे। जब मां- बाप से खाना मांगो तो वो सुला देते थे'।
आगे फूलबासन ने कहा, 'मुझे लगता था जो पढ़ते-लिखते हैं उनके पास पैसे रहते हैं। इस सोच के साथ मैंने पढ़ने की जिद की। जब स्कूल गई तो टीचर ने कहा पिता को लेकर आओ। पिता के पास गई तो उन्होंने गरीबी के चलते मना कर दिया। मां से कहा तो जवाब मिला कि तुम लड़की, पराया धन हो पढ़कर क्या करोगी। उस समय 7 साल में मैंने सीखा कि सबके मां-बाप होते हैं मगर गरीब को कोई नहीं होता'।
10 साल की उम्र में हुई थी शादी
फूलबासन ने इस सफर की शुरुआत के बारे में बताया, '10 साल में मेरी शादी हुई और 14 साल में मैं ससुराल चली गई। पति अनपढ़ था और मैं घरों में जाकर काम करती थी। कई बार ऐसा हुआ कि घर में बच्चों के लिए खाना नहीं था। जब गली में निकलती थी तो लोग दरवाजा बंद कर देते थे कि कहीं मैं मांगने ना आ जाऊं। मैं वो अभागन मां हूं जिसने अपने बच्चों को भूखा सुलाया है। लोग मजाक उड़ाते थे ये सोचकर एक दिन मैं बच्चों को लेकर मरने निकल गई। फिर मेरी बड़ी बेटी ने मेरा हाथ पकड़कर कहा कि मां हमें नहीं मरना। उस दिन मैंने फैसला किया कि समाज की महिलाओं के लिए ही जिंदा रहूंगी'।
शो में फूलबासन की बात सुनकर बिग बी और रेणुका शहाणे ने उनके हौसले की खूब सराहना की। रेणुका ने खुद उनसे प्रेरणा लेकर कहा, मैंने इतना पढ़ा लिखा होने के बावजूद समाज के लिए कभी नहीं सोचा। लेकिन इस शो के बाद मैं जरूर कुछ करूंगी। बता दें कि शो में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए फूलबासन ने 15 सवालों का सही जवाब देकर 50 लाख रुपए की धनराशि जीती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Hu8Ju9
Comments