52 हजार रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाले को श्वेता तिवारी की फटकार- 'सब बकवास है, मेरे नाम से पब्लिसिटी ले रहे हैं'
पॉपुलर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी के पुरानी कर्मचारी राजेश पाण्डेय ने एक्ट्रेस पर धोखाधड़ी करने और पैसे ना लौटाने का आरोप लगाया है। इसके साथ ही राजेश ने श्वेता और उनकी वॉट्सऐप चैट के कुछ स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं जिसमें श्वेता ने पहले उन्हें नजरअंदाज किया और बाद में ब्लॉक कर दिया। लंबे समय तक इसपर चुप्पी साधने के बाद अब श्वेता ने जवाब देते हुए इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया है।
हाल ही में स्पॉटब्वॉय से बातचीत में श्वेता तिवारी ने राजेश द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। एक्ट्रेस ने कहा, 'ये सब आधारहीन आरोप हैं। वो शख्स मुझसे टीडीएस के लिए काटे गए 12 हजार रुपए मांग रहा है। वो सिर्फ मेरे नाम से पब्लिसिटी लेने की कोशिश कर रहा है'।
श्वेता पर लगाया 52 हजार की धोखाधड़ी का आरोप
भास्कर से बातचीत में श्वेता के पुराने कर्मचारी राजेश ने कहा, "मैं साल 2012 में श्वेता की एक्टिंग एकेडमी से जुड़ा था। मैं वहां बच्चों को एक्टिंग सिखाता था मगर जब बच्चे आने बंद हुए तो दो साल पहले उस एकेडमी को बंद करना पड़ा। आज दो साल हो गए हैं, ना ही उन्होंने मेरी बची सैलरी दी और ना ही इनकम टैक्स के नाम पर काटे हुए पैसे दे रही हैं। श्वेता तिवारी मेरी एक महीने की बची हुई सैलरी 40000 वापस नहीं दे रही हैं। हद तो यह भी है जो उन्होंने सैलरी का 10%टैक्स के नाम पर काटा कि वे उसे इनकम टैक्स डिपार्टमेंट में जमा करेंगी वो भी जमा नहीं करवाया जो लगभग 12000 का है। इधर 6-7 महीनों से सारे स्कूल बंद हैं। मैं आर्थिक रूप से बिलकुल खाली हो गया हूं"
राजेश जारी किए पर्सनल चैट के स्क्रीनशॉट
राजेश ने बताया कि वो लॉकडाउन के बाद से आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं और उनके पास घर का किराया देने तक के पैसे नहीं हैं। जारी किए गए कुछ स्क्रीनशॉट्स में उन्होंने दिखाया कि कैसे श्वेता ने पहले उनके सभी मैसेज का जवाब नहीं दिया और कुछ दिनों बाद उन्हें ब्लॉक कर दिया। राजेश का कहना है कि उन्होंने जनता के सामने ये बात इसलिए रखी जिससे श्वेता पर उनके पैसे वापस देने का दबाव बने।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2TGC2fj
Comments