'द कपिल शर्मा शो' को वल्गर बताने वाले मुकेश खन्ना को कपिल शर्मा का जवाब- 'लोगों पर निर्भर करता है कि किस बात में खुशी ढूंढनी है और किसमें कमी'
टेलीविजन के पॉपुलर द कपिल शर्मा शो में महाभारत शो के सितारों का री-यूनियन किया गया था। इस खास मौके पर पुनीत ईस्सर, नीतीश भारद्वाज और गजेंद्र चौहान ने शो में हाजिर होकर दिलचस्प बातों और किस्सों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इस दौरान महाभारत शो में अहम किरदार निभा चुके एक्टर मुकेश खन्ना ने शो का न्यौता ठुकराते हुए इसे वल्गर और सबसे बुरा शो बताया।
मुकेश ने कहा कि इस शो में बहुत घटिया और डबल मीनिंग बातें होती हैं ऐसे में वो इस शो का हिस्सा नहीं बन सकते। उनके इस बयान के बाद गजेंद्र चौहान ने भी कपिल के शो का बचाव करते हुए लंबी बहस की थी। अब एक लंबे समय बाद कपिल ने उनके इस बयान पर अपना रिएक्शन दिया है।
मुकेश खन्ना को कपिल का जवाब-
कपिल का मानना है कि कोरोना काल के मुश्किल समय में उनकी टीम और वो सिर्फ दर्शकों को हंसाने की कोशिश में हैं और काम पर ही ध्यान दे रहे हैं। कपिल ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में मुकेश के बयान पर कहा, 'मेरी टीम और मैं महामारी के दौर में लोगों को हंसाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। जब पूरी दुनिया इस मुश्किल समय से गुजर रही है तो ये जरूरी है कि हम लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएं'।
आगे कपिल ने कहा, 'ये लोगों पर निर्भर करता है कि आपको किस बात में खुशी ढूंढनी है और किस बात में कमी। मैंने खुशियों को चुना और अपने काम पर फोकस करना ज्यादा बेहतर समझा। और भविष्य में भी यही करता रहूंगा'।
सोशल मीडिया के जरिए किया था शो का अपमान
मुकेश खन्ना का कपिल शर्मा शो के लिए किया गया कमेंट काफी सुर्खियों में आ गया था। गजेंद्र चौहान ने कपिल का बचाव करते हुए कई बातें कही थीं जिससे मुकेश और उनके बीच काफी बहस भी हुई थी। दोनों की ये बहस आगे जाकर कपिल से हटकर पर्सनल होती गई जो अब भी जारी है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3m3P1Uz
Comments