प्रोड्यूसर असित मोदी नें डांसर की परफॉर्मेंस से खुश होकर ऑफर किया दया बेन का किरदार, स्टेज पर दिशा वकानी की हुई तारीफ
डांस रियलिटी शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर' के सेट पर हाल ही में 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के टीम मेंबर्स अपने शो के 3000 एपिसोड पूरे होने का जश्न मनाने पहुंचे। इस दौरान जब कंटेस्टेंट रुतुजा जुन्नारकर और कोरियोग्राफर आशीष पाटिल ने 'बेबी डॉल' गाने पर परफॉर्मेंस दी, तो इसे देखकर सभी को दया बेन की बहुत कमी महसूस हुई। असल में रुतुजा ने दया बेन को बिल्कुल असली रूप में प्रस्तुत करके सभी को चौंका दिया।
रुतुजा जुन्नारकर ने जब दया बेन बनकर अपना एक्ट किया, तो उनकी परफॉर्मेंस देखकर सभी हैरान रह गए। जेठालाल उर्फ दिलीप जोशी ने कहा, "एक सेकेंड के लिए तो मुझे लगा जैसे दिशा जी (दया बेन) यहां डांस कर रही हैं। जिस तरह से रुतुजा मंच पर आई और डांस किया, यह बिल्कुल वैसा ही है, जिस तरह दिशा वकानी करती हैं। इसमें उनके पहनावे और छोटी-छोटी बातों पर बहुत ध्यान दिया गया और मुझे वाकई ऐसा लगा जैसे दिशा जी यहां परफॉर्म कर रही हैं।"
असित कुमार ने की दिशा वकानी की तारीफ
असित कुमार मोदी इस परफॉर्मेंस से बेहद इम्प्रेस हुए और उन्होंने कहा, "क्या एक्सप्रेशन है। जब एक्सप्रेशन के साथ डांस होता है, तो बहुत मजा आता है। गरबा के साथ आपने जो बीच में अलग-अलग स्टेप्स किए हैं, जो अक्सर हमारी दया भाभी करती हैं। कुछ करते-करते अलग जगह पर बह जाती हैं। मैं आज इस मंच से एक चीज लेकर जाना चाहता हूं - आप यह दया भाभी (रुतुजा) को हमारे शो में दे दीजिए। "
जबरदस्त धूमधाम और तालियों के बीच असित मोदी ने आगे कहा, "हमारी दिशा वकानी ने इस किरदार के लिए बहुत मेहनत की थी और आज भी हम सब अपने शो में उनकी कमी महसूस कर रहे हैं, तो अगर कभी ऐसा लगा तो मैं आपसे (रुतुजा) गुजारिश करूंगा, क्या लगता है जेठा भाई?" इस पर दिलीप जोशी ने तुरंत जवाब दिया, "एक छोटा ऑडिशन ले ही लो, मौका भी है दस्तूर भी।"
गीता कपूर ने कहा, "मुझे यह बात बहुत अच्छी लगी कि जब वो मायके चली गईं और वापस नहीं आईं तो आपने आज तक उनकी जगह किसी को नहीं दी। और अगर आप रुतुजा को यह ऑफर कर रहे हैं तो इसके लिए मैं बहुत आभारी हूं। रुतुजा, आपकी मेहनत जरूर रंग लाएगी। यह मेहनत ना, कभी ना कभी रंग लाती जरूर है।"
गीता मां ने आगे बताया, "जब हम कहते हैं इंडियाज बेस्ट डांसर, तो इसका मतलब है ऐसे डांसर्स, जो खुद का तो करते ही हैं, लेकिन जब उनको कोई चैलेंज दिया जाता है तो वो उस पर भी खरे उतरते हैं। और आप (रुतुजा) इस मंच की ऐसी ही एक डांसर हैं, जो हमेशा हर चैलेंज पर खरी उतरती हैं। मुझे आप पर बेहद गर्व है।"
दिलीप जोशी ने आगे कहा, "जैसा कि गीता जी ने बताया, दिशा जी एक शानदार एक्टर हैं। उन्होंने दया का जो किरदार बनाया है, वो छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हुए बहुत मेहनत से बनाया है। उसको कॉपी करना बहुत, बहुत मुश्किल है। लेकिन आज तुमने (रुतुजा) जो बारीकियां प्रस्तुत कीं, उसे देखकर मुझे कहना पड़ेगा कि आप अद्भुत हैं।"
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jzO98x
Comments