सारा गुरपाल ने शो में खुद को बताया सिंगल, पंजाबी सिंगर तुषार कुमार ने शादी के सबूत देते हुए जारी किया मैरिज सर्टिफिकेट और तस्वीरें
टेलीविजन का सबसे विवादित रियलिटी शो बिग बॉस 14 अब शुरू हो चुका है। शो शुरू होने के महज 2 दिनों में ही शो से जुड़े कंटेस्टेंट्स से जुड़े बड़े विवाद सामने आ रहे हैं। इस साल शो में पंजाबी सिंगर सारा गुरपाल ने एंट्री ली है जिनकी तुलना लगातार शहनाज गिल से की जा रही है। सारा ने शो के ग्रैंड प्रीमियर के दौरान सलमान खान के सामने खुद को सिंगल बताया था हालांकि पंजाबी सिंगर तुषार कुमार ने दावा किया है कि उन दोनों की शादी साल 2014 में ही हो चुकी है।
शो में एंट्री लेने के दौरान सलमान ने सारा के साथ मजेदार गेम खेलते हुए उनसे उनके रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में पूछा था। इसके जवाब में सारा ने खुद को सिंगल बताया जिसके बाद सलमान ने उन्हें शहजाद और निशांत के नाम से जमकर छेड़ा। खुद को सिंगल बताने वाली सारा के पति ने एपिसोड सामने आने के बाद ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर सारा के साथ शादी की बात का खुलासा किया है। तुषार ने कहा, 'मैं ये साबित करना चाहता हूं कि जिससे मेरी शादी हुई है वो सारा ही है। वो अपने सिंगल होने की बात झूठ बोल रही है'।
तुषार ने जारी किया मैरिज सर्टिफिकेट और तस्वीरें
तुषार का कहना है कि उन दोनों ने 16 अगस्त साल 2014 में जालंधर, पंजाब में शादी की थी। अपनी बात साबित करने के लिए सिंगर ने अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं जिनमें वो और सारा साथ नजर आ रहे हैं। हाथों में चूड़ा पहने हुए सारा वाकई शादीशुदा नजर आ रही हैं। तस्वीरों के अलावा तुषार ने मैरिज सर्टिफिकेट भी शेयर किया है हालांकि इसमें सारा की जगह रचना देवी का नाम लिखा है।
शोहरत को लिए सारा ने की थी शादीः तुषार
खुद को सारा का पति बताने वाले तुषार ने सिंगर पर आरोप लगाते हुए कहा, 'मुझे ऐसा लगता है कि सारा ने मुझसे महज शोहरत और यूएसए की नागरिकता पाने के लिए शादी की थी। लेकिन जब उन्हें मेरी तरफ से पब्लिसिटी नहीं मिली तो उन्होंने मुझे छोड़ दिया'।
पति से झगड़ों के बाद सारा ने लिया तलाक
हाल ही में आई स्पॉटब्वॉय की रिपोर्ट के अनुसार सारा गुरपाल ने 6 साल पहले तुषार से शादी की थी। दोनों ही जालंधर के हैं लेकिन काम के सिलसिले में तुषार यूएसए में रहते हैं। दोनों ने रिलेशनशिप में रहने के बाद परिवार की रजामंदी से शादी की थी। शादी के बाद भी 6 महीने तक सारा इंडिया में ही रही थीं। बाद में जब सारा यूएसए गईं तो वहां दोनों के बीच रिश्ता ठीक नहीं चला। रिपोर्ट के अनुसार सारा एक अपमानजनक रिलेशन में थीं। इसके महज एक साल बाद ही दोनों ने अलग होने का फैसला किया था। तलाक के बाद सारा और तुषार दोनों ही अपनी अलग जिंदगियां जी रहे हैं और एक दूसरे के संपर्क में भी नहीं हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cXX1De
Comments